हरियाणा के सिरसा में मजदूर के देहांत के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि को लेकर एक महिला कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। महिला कर्मचारी हरियाणा सरकार में श्रम राज्यमंत्री अनूप धानक की बहन बताई जा रही है। इसका ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले में एक ओर शिकायतकर्ता ने शपथ पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है, वहीं दूसरी ओर महिला कर्मचारी ने आरोप बेबुनियाद बताते हुए विभागीय जांच शुरू करवाने का दावा किया है।
ऑडियो में मेरी आवाज नहीं है और आरोप बेबुनियाद हैं। मैंने इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों को कर दी है और इसकी जांच भी विभागीय स्तर पर शुरू हो गई है। - बबीता, महिला कर्मचारी।
सिरसा के राजवीर व कुलदीप नामक व्यक्ति ने बड़े षडयंत्र के तहत रिश्वत मांगने का झूठा ऑडियो वायरल किया है। मेरी बहन का विभाग में मजदूरों की कॉपी को सत्यापन करने या लोन देने का कोई भी कार्यभार नहीं है। राजवीर व कुलदीप तथा अन्य व्यक्ति ने बड़े षड्यंत्र के तहत किसी और महिला की आवाज में रिश्वत मांगने के आरोप लगाकर ऑडियो वायरल किया गया है। श्रम विभाग के अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उनके खिलाफ जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी कर्मचारी या अधिकारी को ब्लैकमेल न करने पाए। -अनूप धानक, श्रम राज्यमंत्री, हरियाणा सरकार
इस मामले में शिकायतकर्ता की ओर से शपथ पत्र आ गया है। अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक, सिरसा