फ्यूचर मेकर के भोपाल ऑफिस से रिकॉर्ड जब्त
सिरसा। पैसा डबल करके देने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में फंसे फ्यूचर मेकर कंपनी के सीएमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर सैनी को लेकर शनिवार रात एसआईटी भोपाल से सिरसा पहुंची। एसआईटी दोनों आरोपियों को निशानदेही के लिए नासिक व भोपाल लेकर गई थी। निशानदेही के दौरान एसआईटी ने फ्यूचर मेकर कंपनी के प्रोडक्ट्स से जुड़े दस्तावेज बरामद किए।
एसआईटी भोपाल में स्थित कंपनी ऑफिस में भी गई। कंपनी अपने प्रोडक्टस को माहेश्वरी इंटरप्राइजेज के गोदाम में रखती थी। पुलिस ने सारा रिकार्ड कब्जे में लिया है। रविवार को सिरसा एसआईटी सीएमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर सैनी को हिसार सीजेएम कोर्ट में पेश करेगी। सीजेएम कोर्ट ने दोनों आरोपियों को छह दिन के पुलिस रिमांड में भेजा हुआ था। सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर दलेराम का कहना है कि आरोपी सीएमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर सैनी को रविवार सुबह हिसार कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर फ्यूचर मेकर कंपनी से जुड़ा रिकार्ड नासिक व भोपाल से जब्त किया गया। बता दें कि पैसा डबल करने के नाम पर फ्यूचर मेकर कंपनी के सीएमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर सैनी ने उपभोक्ताओं से 1200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। दोनों के खिलाफ हिसार व फतेहाबाद में केस दर्ज है।