पिता की मौत पर पुत्र ने किया हंगामा
ओढां। गांव बनवाला मेें एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि वृद्ध की मौत इत्तफाक से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज की है। मृतक के पुत्र ने अपने पिता के संस्कार के समय भी काफी हंगामा किया। वहां मौजूद लोगों ने उसको शांत करवाया। इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार हो पाया।
जानकारी के अनुसार 88 वर्षीय दलीप राम को उसके इकलौते बेटे बलराम ने 18 वर्ष पूर्व झगड़ा कर घर से निकाल दिया था। इसके बाद से दलीप राम अपने भतीजे अनिल के पास रह रहा था। शुक्रवार को वृद्ध दलीप राम की मौत हो गई। इस बात का पता चलते ही बलराम ने अनिल पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। बलराम ने थाने में शिकायत देते हुए अनिल पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाया। शनिवार को अनिल व काफी लोगों ने थाने में पहुंचकर आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि बलराम बेवजह ड्रामा कर रहा है। जबकि दलीप की मौत उम्र के लिहाज से हुई है। अनिल कुमार ने बताया कि उसका ताया दलीप अपने बेटे बलराम के घर से निकालने के बाद से उसके पास करीब 18 वर्षाें से रह रहा था। दलीप राम की शुक्रवार को मृत्यु हुई तो उसने बलराम को सूचना दी थी लेकिन उसने आने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने भी बलराम के आरोपों को निराधार बताया। बलराम की शिकायत पर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सामने आया कि मौत इत्तफाक से हुई है। जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने अनिल कुमार के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया।