सिरसा। सीएलयू लेकर कारोबार बदलने के बाद ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट रद्द होने के बावजूद जिला नगर योजनाकार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। कार्रवाई में ढिलाई बरतने पर अब विभाग के स्थानीय अधिकारियों की ही भूमिका संदिग्ध नजर आने लगी है। ऐसे में शिकायतकर्ताओं ने सीएम और चीफ टाउन प्लानर को डीटीपी की शिकायत भेजी है। वहीं डीटीपी ने कहा कि इस केस पर हम काम कर रहे हैं और कागज पूरे कर रहे हैं ताकि सीएलयू ठीक हो जाए।
नेशनल हाइवे स्थित केरा रिसोर्ट को लेकर एक शिकायत डीटीपी विभाग के पास पहुंची। विभाग ने जांच की तो खुलासा हुआ कि जिस काम के लिए सीएलयू लिया गया था, उसे गुपचुप तरीके से बदल दिया गया। इस पर केरा रिसोर्ट का ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट खत्म हो गया। ऐसे में डीटीपी विभाग ने उन्हें नोटिस भेजा और सील करने की तैयारियां शुरू की। लेकिन इसके बाद कार्रवाई ढीली हो गई। ऐसे में शिकायतकर्ता राजीव वधवा ने विभाग के स्थानीय अधिकारियों पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने के आरोप लगाए और सीएम विंडो पर शिकायत की। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डीटीपी को शोकाज नोटिस भी जारी हुआ। लेकिन इसके बावजूद अभी तक विभाग के अधिकारी सख्त कदम नहीं उठा रहे हैं।
ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट रद्द होने के बावजूद डीटीपी विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। हालांकि सीनियर टाउन प्लानर की ओर से भी कार्रवाई के आदेश आए हैं और कार्रवाई न करने पर डीटीपी को शोकाज नोटिस भी जारी पहले हो चुका है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। इसलिए हमने सीएम और चीफ टाउन प्लानर को शिकायत भेजी है ताकि अधिकारियों की संदिग्ध भूमिका की जांच हो सके और कार्रवाई भी हो।
-राजीव कुमार वधवा, शिकायतकर्ता।
हमारा प्रयास रहता कि सीएलयू हो जाए। जो कागज की कमी है, उसे पूरा करवाया जा रहा है। इसके लिए समय तो देना ही पड़ता है। ये विभागीय कार्रवाई है और हम कर रहे हैं।
-राजकीर्ति, डीटीपी, सिरसा।