वासना की आग में जल रहे एक भाई ने अपनी ही सगी बहन की आबरू लूट ली।
जब पीड़िता ने अपने सहपाठियों को अपने साथ हुए कृकत्य के बारे में बताया तो बदनामी के डर से मां-बाप ने ही बेटी की हत्या कर गुपचुप तरीके से उसका दाह संस्कार कर दिया।
ये आरोप लगाते हुए पीड़ता के सहपाठियों ने लड़की ही हत्या के विरोध में वीरवार को राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर दस पर जाम लगा दिया। मामला हरियाणा के रोहतक शहर का है।
छात्राओं ने आरोप लगाया है कि दसवीं की छात्रा ने अपने भाई द्वारा दुराचार किए जाने की बात उन्हें बताई थी। उसके बाद पीड़िता की मौत और आनन-फानन में उसका दाह संस्कार कर दिए जाने की खबर आई है।
छात्राओं ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची महम पुलिस ने छात्राओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम खुलवाया और इसके साथ ही लड़की की मौत के बारे में जांच भी शुरू कर दी।
पुलिस ने गांव में लड़की के घर के आसपास के लोगों से पूछताछ की है।
पुलिस के अनुसार, स्कूल की छात्राओं ने आरोप लगाया है कि महम क्षेत्र के गांव में दसवीं की एक छात्रा से उसके भाई ने 25 मई को दुराचार किया और छात्रा द्वारा इस बारे में अपनी सहपाठियों से बताए जाने के उसकी हत्या कर दी गई और छात्रा के माता-पिता ने गुपचुप तरीके से उसका दाह संस्कार भी कर दिया।
इसी बात को लेकर वीरवार को छात्रा की सहपाठियों ने वीरवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर स्कूल के बाहर जाम लगा दिया। छात्राओं का कहना था कि पीड़िता को मारकर उसके मां-बाप ने मामले का दबा दिया।
वीरवार सुबह ग्यारह बजे छात्राएं रोहतक-हिसार मार्ग के बीचोंबीच बैठ गई। इससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन छात्राओं ने जाम खोलने से इंकार कर दिया।
छात्राओं का कहना था कि दुराचार पीड़िता ने अपनी सहपाठियों को सारी बात बताई थी। इस मामले में पीड़िता के भाई और उसके मां-बाप को फांसी की सजा दी जाए।
मौके पर मौजूद स्कूल स्टाफ ने भी छात्राओं को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानी और कार्रवाई की जिद पर अड़ी रहीं। जाम खुलता ना देख पुलिस ने वाहनों को दूसरे रास्ते से निकालना शुरू कर दिया।
करीब दो घंटे बाद महम थाना प्रभारी कुलदीप बैनीवाल मौके पर पहुंचे और उन्होंने छात्राओं को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच करके आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने गांव जाकर मृतका के पड़ोसियों व अन्य ग्रामीणों से भी पूछताछ की है। महम थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही सच सामने आ सकेगा।