कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए टीकाकरण अभियान में तेजी आ गई है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को शहर में तीन स्थायी केंद्रों के अलावा आठ जगह शिविर लगाकर कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। इनमें वैक्सीन की 200 डोज मुहैया कराई जा रही हैं। इसमें कोविशील्ड व कोवैक्सीन के डोज शामिल हैं। टीकाकरण के लिए विभाग ने पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन होने का दावा किया है।
जिले में शनिवार को 4386 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके लिए 31 केंद्रों पर मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया। विभाग अब तक 469051 लोगों को वैक्सीन लगा चुका है। इनमें से 365019 को पहली व 104032 को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। वैक्सीन पहले लगवाने के लिए लोगों में भी होड़ लगी है। यही वजह है सिविल अस्पताल में लोगों की लंबी कतार नजर आने लगी है। शनिवार को भी दोपहर डेढ़ बजे भी लोग वैक्सीन के लिए कतारबद्ध रहे। वैक्सीन खत्म होने के बाद अनेक लोगों को मायूस लौटना पड़ा। कुछ यही स्थिति अन्य केंद्रों पर भी रही। टीकाकरण अधिकारी ने पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन होने का दावा किया है। यही नहीं, मुख्यालय से समय पर वैक्सीन सप्लाई होने से टीकाकरण अभियान को भी रफ्तार मिली है। इससे जल्दी ही जिले के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाने का दावा किया जा रहा है।
आज यहां लगाई जाएगी वैक्सीन
जैन स्थानक, सैनी धर्मशाला, डीएलएफ कॉलोनी पार्क, वैद्य केसरदास संस्था, लेबर चौक, जैन धर्मशाला, बाबरा मोहल्ला, हनुमान मंदिर, एकता कॉलोनी, भतर सिंह राठी धर्मार्थ ट्रस्ट, भरत कॉलोनी, द्वादश ज्योर्तिलिंग महादेव मंदिर, सेक्टर चार, जीवन राम बशेसर लाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जनता कॉलोनी में रविवार को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाएंगी।
कोट
जिले में टीकाकरण के लिए तीन स्थायी केंद्रों के अलावा आठ जगह शिविर लगाए जाएंगे। इसमें लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। टीका लगाने के बाद लोगों को तीस मिनट के लिए ऑब्जर्वेशन में रखे जाने की व्यवस्था की गई है।
डॉ. परितेव सिंह
नोडल अधिकारी, टीकाकरण