पुलिस ने चार दिन पहले बावल नगर पालिका के कर्मचारियों से रोहतक में हुई लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इनमें से दो आरोपी झज्जर जिले के रहने वाले हैं। युवकों ने कर्मचारियों से 26 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिए थे। कर्मचारी पंचकूला निर्वाचन आयोग के कार्यालय जा रहे थे।
डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा ने बताया कि सीआईए द्वितीय प्रभारी एसआई नरेश कुमार ने बोहर गांव के पास से बाइक सवार दो युवकों को काबू किया है। पूछताछ में आरोपियों की पहचान शोभराज उर्फ साहिल निवासी सुनारिया कलां हाल में अजीत कॉलोनी व रोहित निवासी दुजाना, जिला झज्जर के तौर पर हुई है। आरोपियों के कब्जे से साहिल से दो जिंदा कारतूस व रोहित से एक पिस्तौल व एक कारतूस बरामद किया गया है। इसके बाद सीआईए की टीम ने राजीव गांधी स्टेडियम के नजदीक झज्जर जिले के गांव डीघल, हाल में हनुमान कॉलोनी रोहतक निवासी अमित उर्फ मीतू को काबू किया। उसके पास देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में आरोपियों से तीन वारदात का खुलासा हुआ।
इन वारदात का हुआ खुलासा
14 सितंबर को पीजीआई की नई ओपीडी के बार से अपाचे बाइक चुराई।
15 सितंबर की रात को बावल नपा के कर्मचारियों को मकड़ौली टोल से पहले लूटा था। पिस्तौल दिखाकर युवक साढ़े 26 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल छीनकर ले गए थे। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया था।
17 सितंबर को देव कॉलोनी से अपाचे बाइक चुराई थी, जिस संबंध में पीजीआई थाने में केस दर्ज है।
स्कूल की दोस्ती बदली गैंग में, तीन में दिन में तीन स्थानों पर वारदात को दिया अंजाम
सीआईए पुलिस के मुताबिक आरोपी साहिल, रोहित व अमित एक ही स्कूल में पढ़ते थे। तभी से तीनों के बीच अच्छी दोस्ती रही। अब गैंग बनाकर तीन दिन में तीन वारदात को अंजाम दिया है। सीआईए टू ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।