प्रदेश के कॉलेजों में चल रही दाखिला प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए चार दिन और मिलेंगे। डीजीएचई ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 6 सितंबर कर दी है। इससे वंचित विद्यार्थी भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने वीरवार शाम को कॉलेजों में चल रही दाखिला प्रक्रिया की अंतिम तिथि दो से बढ़ाकर छह सितंबर करने की सूचना जारी की। ऑनलाइन जारी की गई इस सूचना के तहत अब विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए चार दिन और मिलेंगे। वीरवार शाम तक प्रदेश के 189164 विद्यार्थी अपना पंजीकरण करा चुके थे। अंतिम तिथि बढ़ने से यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में वीरवार शाम तक 170791 विद्यार्थियों ने आवेदन कराया। इनमें से 102038 विद्यार्थी आरक्षित श्रेणी से हैं। जबकि 151151 आवेदनों की जांच का काम भी पूरा हो चुका है।
एमडीयू के पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
एमडीयू में सत्र 2021-22 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमडीयू की वेबसाइट पर बने प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसकी अंतिम तिथि 12 सितंबर है।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने बताया कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध पीजी पाठ्यक्रमों में एमएससी-फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोकेमिस्ट्री, एनवायरमेंटल साइंसेज, एनवायरमेंटल बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबियल बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, जूलॉजी, बायोइन्फॉर्मेटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर बायोटेक्नोलॉजी, बॉटनी, जेनेटिक्स, फूड टेक्नोलॉजी, मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी, फॉरेंसिक साइंसेज, कंप्यूटर साइंस, सांख्यिकी, मैथमेटिक्स, मैथमेटिक्स विद कंप्यूटर साइंस व मैथमेटिक्स (एसएफएस), एमए- शिक्षा, अंग्रेजी, हिंदी, पत्रकारिता व जनसंचार, संस्कृत, अर्थशास्त्र, लोक प्रशासन, इतिहास, रक्षा व सामरिक अध्ययन, मनोविज्ञान, एप्लाइड साइकोलॉजी, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, संगीत वोकल, संगीत इंस्ट्रुमेंटल, फाइन आर्ट ड्राइंग एंड पेंटिंग व योगा साइंस, एमटेक- सीएसई, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, ईसीई, मैनुफैक्चरिंग एंड ऑटोमेशन, बायोटेक्नोलॉजी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा कंप्यूटर साइंस, एम-फार्मा- इंडस्ट्रियल फार्मेसी, फार्मास्यूटिकल केमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी, ड्रग रेगुलेटरी अफेयर्स, एमबीए- जनरल, ऑनर्स व बिजनेस इकोनॉमिक्स, एमकॉम, एलएलबी-तीन वर्षीय, एलएलएम तथा एलएलएम एसएफएस, मास्टर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉॅजी, मास्टर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, एमसीए, एम लिब एंड इन्फॉर्मेशन साइंस तथा एमएड शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट देखी जा सकती है।