पीजीआई ट्रामा सेंटर में मधुमक्खी का छता। संवाद
रोहतक। पीजीआई परिसर में रविवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना से वहां भगदड़ मच गई। कैंपस में पोस्ट बेसिक नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए आए विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों ने मधुमक्खियों से बचने के लिए निदेशक कार्यालय में शरण ली। कुछ देर बाद मधुमक्खियां चली गईं। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
काउंसिलिंग के लिए आए अर्जुन ने बताया कि दोपहर को अचानक मधुमक्खियों का झुंड सिर पर मंडराने लगा। अचानक पता नहीं, कहां से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां भिनभिनाने लगी। ये मोटी मक्खियां थी। इनसे बचने के लिए निदेशक कार्यालय के बाहर खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। विपिन ने बताया कि मधुमक्खियों से बचने के लिए कोई रास्ता नहीं मिला। इसके चलते निदेशक कार्यालय में शरण लेनी पड़ी। कार्यालय की खिड़कियां व दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया। मनोज ने बताया कि मक्खियां करीब 10 मिनट तक वहीं मंडराती रही। इस कारण दहशत का माहौल बन गया। उनके जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और निदेशक कार्यालय से बाहर आए। इसके बाद विद्यार्थी अंदर ही रहे।
कैंपस में कई जगह लगे हैं छत्ते
पीजीआई कैंपस में एक नहीं कई जगह मधुमक्खियों के छत्ते लगे हैं। यह छत्ते काफी बड़े-बड़े हैं। इनमें हजारों की संख्या में मधुमक्खियां अपना घर बनाए हुए हैं। ट्रामा सेंटर के प्रवेश द्वार पर एक व पिछले हिस्से में चार बड़े छत्ते हैं। मॉड्यूलर ओटी भी इससे अछूती नहीं है। यहां बड़े छत्ते दूर से ही नजर आते हैं।