रोहतक। शहर की शिव कॉलोनी में चार युवक एक घर में घुसे और हुक्का पी रहे युवक पर डंडों से हमला बोल दिया। घायल को पीजीआई में दाखिल करवाया गया। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शिव नगर कालोनी, नजदीक भिवानी चुंगी निवासी मुकेश ने दी शिकायत में बताया कि शनिवार को करीब दो बजे वह घर पर चारपाई पर बैठकर हुक्का पी रहा था। तभी हिमांशु, योगेश, अमन व तरुण अरुण निवासी शिव कॉलोनी घर में घुस आए और उस पर लाठी व डंडों से हमला बोल लिया। उसने बाहर निकल कर देखा तो बाहर और भी युवक खड़े थे। वे कार व बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। अनाज मंडी चौकी प्रभारी एसआई राजेश ने बताया कि दोनों पक्षों में होली के दिन झगड़ा हो गया था। उसी के चलते घर में घुसकर वारदात की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रहे हैं। ब्यूरो