रोहतक। शहर के माता दरवाजा चौक निवासी संदीप ने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर बांगड़ सिनेमा के पास से मोबाइल फोन छीना था। पुलिस ने चारों को काबू किया। इसमें आरोपी संदीप को जहां न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, वहीं तीन नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश सैनी ने बताया कि गद्दी खेड़ी गांव निवासी अश्वनी ने 3 मार्च को शिकायत दी थी कि वह रात करीब 7 बजकर 50 मिनट पर साइकिल पर गांव से रोहतक के भिवानी स्टैंड पर दवाई लेने आ रहा था। जब हिसार रोड पर बांगड़ सिनेमा के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार होकर चार युवक आए। एक युवक ने उसे धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन छीनकर युवक फरार हो गए। पुलिस ने झपटमारी का केस दर्ज कर चार युवकों को काबू किया, जिसमें एक बालिग व तीन नाबालिग हैं।