फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसी के मकान को दो मंजिला दिखाकर तो किसी की प्रॉपर्टी बढ़ा वसूल रहे टैक्स

विज्ञापन
प्रॉपर्टी टैक्स कैंप में अपनी शिकायतें दर्ज कराते लोग। अमर उजाला
विज्ञापन
रोहतक। प्रॉपर्टी टैक्स की शिकायतों के निस्तारण के लिए सेक्टर-एक के पार्षद कार्यालय में शनिवार को कैंप लगाया गया। इसमें 125 लोगों की शिकायतें आईं, जिसमें 90 शिकायतें गलत सर्वे की रहीं। सर्वे में एक मंजिला मकान को दो मंजिला दर्शाने व गलत क्षेत्रफल अंकित कर टैक्स लगाने के मामले भी रहे।
विज्ञापन

बता दें कि निगम आयुक्त को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि सर्वे कंपनी ने गलत सर्वे किया है। लोग इसकी शिकायत लेकर श्रीराम रंगशाला में जाते हैं मगर समय पर निस्तारण नहीं होता। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने डीएमसी हरदीप को कैंप लगाने के आदेश दिए। इसके तहत शनिवार को वार्ड नंबर एक के पार्षद कदम सिंह अहलावत के कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक कैंप लगा। कैंप में सनसिटी, ओमैक्स सिटी, सेक्टर-एक, सेक्टर-दो, सेक्टर-तीन, सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, सेक्टर-छह व सेक्टर-14 की प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित शिकायतों व समस्याओं का निस्तारण और टैक्स की वसूली होनी थी।
कैंप में 125 लोगों ने शिकायत की। निगम का दावा है कि 35 लोगों ने शिकायत नहीं की बल्कि छूट की अवधि और जमा बिल जुड़कर आने के बारे में बताया जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। हां, 90 शिकायतें गलत सर्वे के बाबत आईं। सभी शिकायतें सर्वे कंपनी के मौजूद कर्मियों को निस्तारित करने के लिए सौंप दी हैं। कुछ लोगों ने बताया कि एक मंजिला मकान दो मंजिला दर्शाया गया है तो किसी की प्रॉपर्टी का आकार घटा-बढ़ा दिया है।
विज्ञापन

30 मार्च तक आई शिकायतों का होगा निपटान
सर्वे कंपनी की सुपरवाइजर मोनिका छिल्लर ने बताया कि 90 शिकायतें आईं हैं। इन शिकायतों को निस्तारित करने में 15 दिन लग जाते हैं। 30 मार्च तक सभी शिकायतें निपटा दी जाएंगी।
वर्ग मीटर में की जाए प्रॉपर्टी की गणना
सेक्टर-एक की आरडब्ल्यूए ने बताया कि उनकी प्रॉपर्टी की गणना वर्ग फुट के बजाय वर्ग मीटर में की जाए। सेक्टर में वर्ग मीटर के हिसाब से ही गणना होती है।
सेक्टर में कैंप की अवधि बढ़े या और लगाएं
वार्ड पार्षद कदम सिंह अहलावत ने कहा कि निगम आयुक्त का कैंप लगाने का फैसला काफी सार्थक कदम है। पहली बार कैंप लगा है, जिसमें काफी लोग आएं हैं। चूंकि शिकायतें ज्यादा हैं, इसलिए जनता को राहत देने के लिए कैंप की अवधि बढ़े या फिर और लगवाए जाएं।
2.65 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स वसूली
नगर निगम की टीम ने कैंप में टैक्स जमा करने की भी व्यवस्था की थी, जिसमें लोगों ने 2.65 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया।
निगम के ये अधिकारी-कर्मी रहे मौजूद
मुख्य कराधान अधिकारी प्रथम अशोक कुमार, मुख्य कराधान अधिकारी द्वितीय अंकित गुलिया, क्षेत्रीय कराधान निरीक्षक अमन कुमार, जूनियर प्रोग्रामर कंप्यूटर विनोद कुमार, लिपिक अरुण, जसबीर, प्रवीन, अमित, दीपक, प्रॉपर्टी आईडी की पहचान के लिए राजीव दुआ व रविंद्र जांगड़ा, टैक्स की रसीद काटने के लिए क्लर्क संदीप मौजूद रहे।
लोग बोले- गलती किसी की, भुगत रहे हम
मेरा मकान में पहली मंजिल पर सिर्फ दो कमरे बने हुए हैं। सर्वे में पूरी दो मंजिला बनाकर टैक्स की गणना की है। समझ नहीं आ रहा कि कैसे सर्वे कंपनी ने अतिरिक्त निर्माण दर्शाया है।
- डॉ. वीएस दहिया, सेक्टर-एक
सर्वे में गलत एरिया दर्शाया गया है। कैंप में लोगों की भीड़ देखकर यही लगता है कि सर्वे घर बैठे किया है। यही नहीं, प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन जमा करने के बाद भी बकाया दिखाया जा रहा है।
- सतपाल कुंडू, सेक्टर- तीन
सर्वे का जो नोटिस दिया गया है, उसमें प्रॉपर्टी स्वामी का नाम ही गलत अंकित कर दिया है। गलती कोई और कर रहा है और परेशान होकर चक्कर जनता को लगाने पड़ रहे हैं।
- जीआर शर्मा, सेक्टर-एक
नगर निगम द्वारा करवाए गए सर्वे में नाम गलत लिख दिया है। नाम सही कराने के लिए आए हैं। हमारे घर के आसपास तो कइयों के प्रॉपर्टी की नाप की गलत कर दी है।
- एसके मिगलानी, सेक्टर-एक
वर्जन
सर्वे की खामियों से संबंधित 90 शिकायती पत्र मिले हैं। संबंधित कार्यदायी संस्था को शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश कर दिए हैं। जल्द ही इस तरह के और कैंप लगाए जाएंगे।
विज्ञापन

हरदीप, उप नगर आयुक्त, रोहतक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें