स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 के 10 लाख की आबादी वाले हरियाणा के शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गुरुग्राम, रोहतक और करनाल को स्वर्ण, पंचकूला, फरीदाबाद व नीलोखेड़ी को रजत और अंबाला को कांस्य पदक मिला है। इस बार सीएम के गृह शहर करनाल को पछाड़कर रोहतक ने प्रदेश में दूसरा और देश में 49वां स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में शनिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स मंत्रालय के सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने संबंधित शहरों के प्रतिनिधियों को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया।
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से देश में हर वर्ष अंक के आधार पर स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाता है। इसमें सिर्फ ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) शहर शामिल होते हैं। इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 को तीन वर्गों (केटेगरी) में 6000 अंकों के आधार पर किया गया। इसका परिणाम शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में रैंकिंग के साथ घोषित किया गया। इसमें हरियाणा का शानदार प्रदर्शन रहा। करनाल को छोड़कर सभी जिलों ने गत वर्ष की अपेक्षा अच्छी रैंक प्राप्त की है। इसमें गुरुग्राम 4201.39 अंकों के साथ देश में 24वें, रोहतक 3821.52 अंकों के साथ 49वें और करनाल 3395.16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
रोहतक की रैंकिंग में लगातार हो रहा सुधार
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में 10 लाख की आबादी की लिस्ट में रोहतक 54वें स्थान पर था और अब 49वें स्थान पर आया है। रोहतक की रैंकिंग में लगातार सुधार हो रहा है। हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने नगर आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ को सम्मानित किया।
डोर-टू-डोर क्लेक्शन में रोहतक को मिले तीन स्टार
रोहतक को ओडीएफ फ्री करने पर तीन स्टार, गारबेज फ्री में एक स्टार और डोर टू डोर गारबेज क्लेक्शन में तीन स्टार मिले हैं। ओडीएफ में गत वर्ष भी तीन स्टार मिले थे।
शहर में मलबा निस्तारण सही होता तो और आगे रहते
मलबा निस्तारण की व्यवस्था सही नहीं होने की वजह से रोहतक दूसरे स्थान पर रहा। वर्ष 2020 में भी इसी वजह से कम अंक मिले थे। तत्कालीन नगर आयुक्त ने सुनारिया के पास डंपिंग स्टेशन बनवाकर समुचित निस्तारण का दावा किया था, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। नगर आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ का कहना है कि फिर इस बार मलबा निस्तारण की व्यवस्था चुनौती होगी।
हरियाणा के जिलों की रैकिंग व अंक
देश में रैंक जिला अंक
24वां गुरुग्राम 4201.19
49वां रोहतक 3821.52
86वां करनाल 3395.16
90वां अंबाला 3351.73
165वां हिसार 2758.85
185वां पानीपत 2591.01
190वां रेवाड़ी 2552.37
243वां यमुनानगर 2174.09
244वां भिवानी 2166.11
शहरवासियों व सफाईमित्रों का हुआ सम्मान : बांगड़
विज्ञान भवन में सम्मानित नगर निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में रोहतक को स्वर्ण पदक शहरवासियों और सफाईमित्रों के सहयोग से मिला है। यह शहरवासियों और सफाई मित्रों का सम्मान है।