विजय नगर हत्याकांड में माता-पिता, बहन व नानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार अभिषेक उर्फ मोनू मलिक ही अब कानूनी तौर पर पिता की 60 करोड़ की प्रॉपर्टी का मालिक है। अगर उसको जेल भेजा जाता है तो वह ही संपत्ति का संरक्षक (कस्टोडियन) तय करेगा। रविवार को पांच दिन का रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी, जहां से न्यायिक हिरासत में भेेजा जा सकता है।
मामले में कानून के जानकारों का कहना है कि अभिषेक अदालत के माध्यम से तय कर सकता है कि उसकी प्रॉपर्टी कौन संभालेगा। इसके अलावा उसके दादा-दादी भी हक जता सकते हैं। जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक भारद्वाज ने बताया कि संपत्ति के अधिकार के तहत अब कानूनी तौर पर बबलू मलिक की संपत्ति पर उसके बेटे अभिषेक का ही हक है। चाहे उसे माता-पिता, बहन व नानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार ही क्यों न किया गया है। हालांकि बबलू मलिक के माता-पिता भी अपने बेटे की संपत्ति पर दावा जता सकते हैं।
उधर, हत्याकांड की जांच में पुलिस गंभीरता से लगी हुई है। हत्यारोपी अभिषेक का दोस्त उत्तराखंड निवासी कार्तिक की वारदात में भूमिका है या नहीं, पुलिस इसका निर्णय रविवार को लेेगी। इसके लिए पुलिस के आला अधिकारियों और एसआईटी की मीटिंग होगी। हालांकि सूत्र बताते हैं कि अब तक की जांच में दोस्त की वारदात में भूमिका नहीं मिली है।
फिर हुई अभिषेक की काउंसलिंग, आज आएगी रिपोर्ट
पीजीआई के मनोचिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम ने शनिवार को भी फिर से अभिषेक की काउंसलिंग की। टीम रविवार को पुलिस के आला अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट देगी। हालांकि अभिषेक को सामान्य बताया जा रहा है। उसे किसी तरह की दिमागी परेशानी नहीं है।
फरवरी में जाट कॉलेज के अखाड़े में इसी अंदाज में की गई थी हत्या
विजय नगर हत्याकांड से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरवरी 2021 में ही जाट कॉलेज के अखाड़े में छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य कोच के भाई ने अखाड़े के ही कोच सुखविंद्र के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो वह बेहद शांत दिखाई दिया। पूछताछ में उसने बताया था कि कैसे उसने एक-एक को बुलाकर गोली मारी थी। इस तरह उसने सात लोगों को गोली मारी थी, जिसमें छह की मौत हो गई थी। हालांकि सुखबीर कोच के खिलाफ अभी अदालत में केस चल रहा है। ऐसे में यह थ्योरी सामने आ रही थी कि एक व्यक्ति भी शातिराना अंदाज में वारदात अंजाम दे सकता है। बिल्कुल उस अंदाज में विजय नगर हत्याकांड में भी चार लोगों को एक-एक करके गोली मारी गई। इसे ध्यान में रखकर माता-पिता, बहन व नानी की हत्या के आरोप में अभिषेक को गिरफ्तार किया गया है।
दोस्त की भूमिका की चल रही जांच
विजय नगर हत्याकांड में पुलिस की जांच लगभग पूरी हो गई है। आरोपी से रिवाल्वर, वारदात के समय पहने कपड़े, माता-पिता के जेवर व अन्य सामान बरामद हो गया है। पांच दिन के रिमांड के बाद रविवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। दोस्त की भूमिका की भी जांच चल रही है।
-गोरखपाल राणा, डीएसपी, मुख्यालय