नेकीराम कॉलेज व एसएसजीसी तिगांव की टीम के खिलाड़ी। संवाद
रोहतक। एमडीयू में चल रही अंतर महाविद्यालय क्रिकेट स्पर्धा में रविवार को पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज व एसएसजीसी तिगांव फरीदाबाद के बीच मैच हुआ। इसमें नेकीराम ने तिगांव को 128 रनों से हराया। मैच का शुभारंभ खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने कराया।
रविवार को तिगांव की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लेते हुए नेकीराम कॉलेज को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नेकीराम की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 184 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल ने 46 गेंदों में 72 रन, सिमोन ने 22 गेंदों पर 26 रन व अभिषेक ने 10 गेंदों पर 23 रन बनाए। तिगांव के गेंदबाज तुषार ने चार ओवर में 32 ओवर में दो विकेट, अभिषेक चार ओवर में 29 रन पर एक विकेट लिया।
नेकीराम कॉलेज के 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी तिगांव की टीम 15.3 ओवर में 56 रनों पर पवेलियन लौट गई। टीम की ओर से अभिषेक ने 24 गेंदों में 17 रन बनाए। नेकीराम कॉलेज के गेंदबाज नितेश जांगड़ा ने दो ओवर में दो रन देकर दो विकेट, निकेश दहिया ने तीन ओवर में आठ रनों पर दो विकेट झटके। पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज ने 128 रनों से यह मैच जीता।