अब चंडीगढ़ की सेक्टर-17 मार्केट का लुत्फ लेने के लिए आपको राजधानी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सेक्टर-17 की तर्ज पर दिल्ली रोड स्थित आईएमटी के पीछे मार्केट बनाई जाएगी। इसके लिए पूरी योजना और मैप तक तैयार कर लिया गया है। विधायक मनीष ग्रोवर जल्द ही इसका प्रस्ताव पास कराने की तैयारी में हैं। वहां मार्केट बनने से शहर पर दबाव तो कम होगा ही साथ ही औद्योगिक एरिया में रौनक आएगी। इस मार्केट में दिल्ली के व्यापारियों को भी लाए जाने की तैयार है।
अगर यह बाजार विकसित होता है तो बहादुरगढ़ तक के ग्राहकों को यहां खींचा जा सकेगा। शहरवासियों को भी जरूरत का पूरा सामान एक ही जगह मिल जाएगा और सैरसपाटा भी कर सकेंगे। विधायक का कहना है कि शहर के लिए बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है और इस पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं, लंबे समय के इंतजार के बाद नवरात्र में किला रोड स्थित भगत सिंह पार्किंग को भी शुरू करने की तैयारी है।
आईएमटी में नहीं रहने देंगे प्लाट खाली
विधायक मनीष ग्रोवर का कहना है कि आईएमटी को जिस तरह से बनाया गया था, वहां आज भी काफी कमियां हैं और प्लाट खाली पड़े हैं। नई योजनाएं और उद्योगों के अनुकूल माहौल बनाकर यहां सभी प्लाटों को भरने की कवायद है। उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार बढ़ेगा। दिल्ली की भीड़भाड़ से परेशान उद्योगपतियों के लिए भी रोहतक ही सबसे नजदीक और बेहतर साबित होगा।
किला रोड के अलावा दो और पार्किंग की तैयारी
शहर में पार्किंग सबसे बड़ी समस्या है। ऐसे में नवरात्र पर भगत सिंह पार्किंग शुरू होने से किला रोड पर फेस्टिवल सीजन में आने वाली भीड़ को राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक मनीष ग्रोवर का कहना है कि शहर में पांच जगह पार्किंग की स्थायी व्यवस्था करने की तैयारी है। भगत सिंह पार्किंग से किला रोड के साथ ही बड़ा बाजार, गोहाना अड्डा पर वाहन खड़ा करने की समस्या खत्म हो जाएगी। भिवानी स्टैंड के पास भी खाली पड़ी सिटी थाने की जमीन पर स्थायी पार्किंग की प्लानिंग हैं। हालांकि इस जमीन को व्यवसायिक प्रयोग के लिए दिया जा चुका है, लेकिन जल्द ही इसे वापस लेने की तैयारी है।
अगर यहां पार्किंग बनती है तो भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड, शौरी मार्केट, चमेली मार्केट, रामकली मार्केट, प्रताप चौक पर बड़ी राहत मिलेगी। इस तरह ही अशोका चौक पर मायना रेस्टोरेंट के पास भी पार्किंग बनाई जाएगी। भगत सिंह पार्किंग में कम्यूनिटी हॉल नहीं बनाया जाएगा, बल्कि एक पूरा हॉल खाली रखा जाएगा, जिसे व्यवसायिक प्रयोग पर दिया जाएगा। पार्किंग में लिफ्ट भी लगाई जाएगी। इस व्यवसायिक हॉल से निगम की आय बढ़ेगी।
अंबेडकर चौक से भिवानी स्टैंड तक बनेगा एलिवेटिड रोड
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एक और बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी है। अंबेडकर चौक से लेकर भिवानी स्टैंड तक सड़क पर एलिवेटिड रोड बनाया जाएगा। करोड़ों के प्रोजेेक्ट पर भी मंजूरी का इंतजार है। पहले यह रोड छोटूराम चौक से भिवानी स्टैंड तक बनाए जाने की तैयारी थी, लेकिन अंबेडकर चौक पर काफी खुली जगह होने के कारण अब इसे यहीं से शुरू करने का प्लान है।