रोहतक। रेलवे स्टेशन पर फूड प्लाजा बनाने की प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है। इसमें यात्री ही नहीं शहरवासी भी परिवार संग लजीज व्यंजन का स्वाद चख सकेंगे। फूड प्लाजा की पहली मंजिल पर यात्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था होगी। इसके लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेलवे के खाली जमीन का उपयोग करके आमदनी का जरिया बनाने के आदेश के तहत निर्माण शाखा ने ए क्लास स्टेशनों की तर्ज पर रोहतक में फूड प्लाजा बनाने का मसौदा बनाकर मुख्यालय भेजा था। फूड प्लाजा प्लेटफार्म नंबर एक स्थित पूछताछ व बंद शौचालय के स्थान पर बनाया जाएगा। यहां फूड प्लाजा के साथ-साथ यात्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था की जाएगी। रेलवे इंजीनियरों ने फूड प्लाजा व यात्रियों के ठहराव का नक्शा बनाकर भेज दिया था। योजना के अनुसार, फूड प्लाजा के दो गेट होंगे। एक प्लेटफार्म तो दूसरा सर्कुलेटिंग एरिया की तरफ खुलेगा। इसमें यात्रियों के अलावा शहरवासी भी लजीज व्यंजन का स्वाद चख सकेंगे। एसएसई निर्माण आरके अनेजा ने बताया कि फूड प्लाजा का स्थान चिह्नित करके मुख्यालय भेज दिया है। चूंकि काम आईआरसीटीसी को करना है, इसलिए अधिक जानकारी वहीं दे सकते हैं। आईआरसीटीसी के पीआरओ आनंद झा ने बताया कि कोरोना की वजह से अवरोध पैदा हो गया था। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिसके पूरा होते ही फूड प्लाजा बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
कैश टिकट काउंटर के साथ बनेगा पूछताछ केंद्र
इस समय कैश टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्र आमने-सामने हैं। फूड प्लाजा बनने पर पूछताछ केंद्र को कैश टिकट काउंटर की एक विंडो पर शिफ्ट किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश स्टेशनों पर पूछताछ केंद्र व कैश टिकट काउंटर नजदीक ही होते हैं। वर्जन
कई स्टेशनों पर फूड प्लाजा बनाने हैं जिनमें रोहतक भी है। कोरोना महामारी की वजह से कई काम रुक गए थे, जो फिर तेजी से शुरू हो गए हैं। रोहतक स्टेशन पर फूड प्लाजा बनाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है।
- आनंद झा, पीआरओ आईआरसीटीसी दिल्ली