फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों ने स्टेशन पर रोकी छिंदवाड़ा एक्सप्रेस

विज्ञापन
रोहतक रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते किसान। अमर उजाला
विज्ञापन
पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे को भेदकर स्टेशन पर पहुंचे किसान ट्रेनों का चक्का जाम करने के लिए फिरोजपुर-छिंदवाड़ा एक्सप्रेस के सामने खड़े हो गए। बमुश्किल पांच मिनट में प्लेटफार्म नंबर-दो पर किसान एक्सप्रेस आ गई। रेलवे प्रशासन को अन्य जगह ट्रेनों को रोकने की सूचना मिली तो तत्काल दोनों ट्रेन को रेग्युलेट (नियमित रखने के लिए कुछ समय रोकना) कर दिया। वहीं, ट्रेन से दिल्ली जा रहे यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मजबूरन कोई ऑटो से बस स्टैंड पहुंचा तो कोई कैब से बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन तक रवाना हुआ।
विज्ञापन

किसानों के रेल रोको आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए स्टेशन पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दमकल की गाड़ी के अलावा एंबुलेंस भी मुस्तैद रही। सुबह करीब 10 बजे फिरोजपुर-छिंदवाड़ा एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-एक पर आकर रुकी। जब तक ट्रेन को रवाना करने के लिए सिग्नल हुआ तभी कुछ किसान इंजन के सामने खड़े हो गए। अचानक किसानों के ट्रेन के सामने आने से तैनात पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। इस बीच प्लेटफार्म नंबर-दो पर किसान एक्सप्रेस आकर रुक गई। तभी स्थानीय रेलवे प्रशासन को सूचना मिली कि अन्य जगह पर किसानों ने ट्रेनों को रोक दिया है, जिसके चलते तत्काल दोनों ट्रेनों को स्टेशन पर ही शाम चार बजे तक के लिए रेग्युलेट कर दिया गया। वहीं, कंट्रोल रूम से एनाउंस कर दिया गया कि शाम चार बजे तक ट्रेन रवाना नहीं होगी। एनाउंसमेंट के बाद दिल्ली जाने के लिए ट्रेनों में सवार यात्री परेशान हो गए। इसके चलते दिल्ली जाने वाले यात्री ट्रेन से उतर गए। कोई ऑटो पकड़कर बस स्टैंड पहुंचा तो किसी ने बहादुरगढ़ मेट्रो के लिए कैब बुक कराई। रेलवे स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा ने बताया कि किसी की ट्रेन को रद्द नहीं किया है। शाम चार बजे तक के लिए ट्रेन रेग्युलेट की गई है। किसानों के हटने के बाद ट्रेनों को नियमित तरीके से चलाया जाएगा।
रोहतक से गुजरने वाली ये ट्रेनें हुई प्रभावित
चक्का जाम के चलते वैष्णो देवी-कोटा एक्सप्रेस को नरवाना स्टेशन, नांदेड़ से दिल्ली जाने वाली ट्रेन को दिल्ली, श्रीगंगानगर इंटरसिटी को जाखल स्टेशन, बरेली इंटरसिटी को दिल्ली, दिल्ली से आने वाली पैसेंजर को दया बस्ती में खड़ा किया गया।
विज्ञापन

बस स्टैंड पर बढ़ी एकाएक भीड़
ट्रेनों का आवागमन रुकने के बाद बस स्टैंड पर एकाएक सवारियों की संख्या बढ़ गई। सर्वाधिक सवारियां दिल्ली और बहादुरगढ़ की पहुंची। वहीं, तमाम यात्री ऑटो से सीधे दिल्ली बाईपास पहुंचे, जहां से बस अथवा प्राइवेट वाहनों में सवार होकर गंतव्य के लिए रवाना हुए। स्टैंड इंचार्ज जयबीर हुड्डा ने बताया कि सवारियों की संख्या के हिसाब से बसों का संचालन कराया गया है। जिस भी रूट की सवारियां आईं, वहीं के लिए बस चलाई गई।
यात्री बोले, साधन भी नहीं मिल रहा कैसे जाएं दिल्ली
ट्रेनों के शाम चार बजे तक खड़े रहने का एनाउंसमेंट होते ही यात्री परेशान हो गए। वजह, दिल्ली जाने वाले यात्रियों का रुकना मुहाल था। इसकी वजह से यात्री स्टेशन से बाहर आए और संसाधन तलाशने में जुट गए। हिसार के ओमवीर सिंह ने बताया कि दिल्ली का आरक्षण था। ट्रेन रुक गई है और शाम तक रुकना मुश्किल है। सिरसा निवासी ऐनिका, अन्नू, प्रियांशी और नानकराम वृंदावन धार्मिक यात्रा पर निकले थे। जब ट्रेन रुक गई तो उन्होंने बस से बहादुरगढ़ और फिर मेट्रो से दिल्ली पहुंचने की प्लानिंग की। बस में सवार होने के लिए वह ऑटो से दिल्ली बाईपास पहुंचे। रिंकी, रवि व प्रियांक भिवानी से नागलोई जाने के लिए ट्रेन में सवार हुए। वह भी ऑटो से दिल्ली बाईपास पहुंचे। सिरसा से दिल्ली लौट रहे वृद्ध दंपति कृष्णारानी (80) व ओमप्रकाश (84) को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। तबीयत खराब होने की वजह से ओमप्रकाश ने पत्नी कृष्णारानी को व्हीलचेयर पर बैठाया और ऑटो तक पहुंचाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें