शहर के चर्चित विजय नगर हत्याकांड में पीड़ित के अधिवक्ता ने आरोपी का नार्को टेस्ट कराने की अपील की है। उन्होंने इस संबंध में सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। इस पर फैसला एक नवंबर को अगली सुनवाई के दौरान होगा। उधर, राम रहीम को सजा सुनाने के चलते पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से हत्याकांड के आरोपी को जेल से अदालत ले जाने में परहेज बरता। इस कारण केस में न सुनवाई हुई और न ही आरोपी की अदालत में ऑनलाइन या व्यक्तिग रूप से हाजिरी लगी।
केस में अधिवक्ता शिवराज मलिक ने आरोपी की ओर से सोमवार को अपना वकालतनामा पेश किया। अब वे केस की पैरवी करेंगे। अधिवक्ता ने कहा कि सोमवार को केस में कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगली सुनवाई पर आरोपी की पेशी के समय कार्रवाई आगे बढ़ पाएगी।
इधर, पीड़ित पक्ष की ओर से अधिवक्ता राखी ने अदालत में आरोपी के नार्को टेस्ट कराने व उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन सुरक्षित करने की अपील की। इस अर्जी पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत मामले में अगली सुनवाई पर इस बारे में फैसला दे सकती है।