हरियाणा रोहतक में गोकर्ण रोड पर रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे दो युवकों ने बालकनाथ कॉलोनी के किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पेट, गर्दन, कंधे व हाथ पर छह के करीब वार किए गए हैं। देर रात तक पुलिस मृतक के पिता कर्ण सिंह के बयान दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही थी। हमलावर नेहरू कॉलोनी के बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक शाम करीब साढ़े 6 बजे सूचना मिली कि सिविल अस्पताल में बालकनाथ कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय दीपक को चाकू लगने के कारण दाखिल करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई है। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देशराज व गौकर्ण चौकी प्रभारी एसआई सोनू मौके पर पहुंचे।
शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। मृतक के पिता कर्ण सिंह ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। उसके चार बच्चे हैं, जिसमें दो बेटी व दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शौरी मार्केट में नौकरी करता है, जबकि छोटे बेटे दीपक ने अभी 10वीं की परीक्षा पास की थी। अब उसका 11वीं में दाखिला होना था। उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। देर रात तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज नहीं किया था।
चचेरा भाई बोला, मेरे आगे घेरकर मारा दीपक को
वहीं, दीपक के चचेरे भाई शुभम ने मौखिक तौर पर बताया कि शाम को दोनों सैर के लिए घर से निकले थे। वह आगे-आगे मोबाइल लेकर चल रहा था। उसने देखा कि दीपक को गोकर्ण रोड मोड़ पर दो युवकों ने घेर रखा है। वे लगातार चाकू से वार कर रहे थे। जब तक वह आया, वे मौके से फरार हो गए। तत्काल उसने दीपक को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दीपक पर पेट, गर्दन, कंधे सहित छह जगह वार किए गए थे। मौके पर काफी खून निकल गया था।
चार दिन पहले हुआ था विवाद
दीपक के पिता कर्ण सिंह ने बताया कि चार दिन पहले कुछ युवकों का आपस में विवाद हो गया था। उस मामले से दीपक का सीधा कोई लेनादेना नहीं था। इसके बावजूद उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
दो पक्षों के बीच चार दिन पहले विवाद हुआ था, जिसमें बाद में समझौता हो गया। आरोपी नेहरू कॉलोनी के बताए जा रहे हैं। मृतक के पिता के बयान पर हत्या का केस दर्ज करने की तैयारी कर रहे हैं। शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
- इंस्पेक्टर देशराज, थाना प्रभारी सिटी