हरियाणा के रोहतक में रिटौली में चल रही खूनी गैंगवार रोकने में पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। एसटीएफ रोहतक की टीम ने गांव में ही छापा मारकर अंकित उर्फ बाबा, उसका भाई सन्नी, झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी अमित उर्फ मीता, विनीत उर्फ विन्नी व यश उर्फ गज्जू को गिरफ्तार किया है। अंकित व सन्नी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सोमवार दोपहर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने पांचों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
एसटीएफ के डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि रिटौली गांव में पांच साल से गैंगवार चल रही है। एक गैंग का सरगना हिमांशु उर्फ भाऊ है, जबकि दूसरी गैंग को अंकित उर्फ बाबा व उसका भाई सन्नी चला रहे थे। गैंगवार के चलते 2 से 7 मार्च के बीच में गांव में तीन हत्याएं हुई हैं। खूनी गैंगवार को रोकने के लिए पुलिस ने गांव में अस्थायी पुलिस चौकी भी बना रखी है।
दोनों गैंग के मुख्य सरगना अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे। रविवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि अंकित उर्फ बाबा अपनी गैंग के साथ गांव के ही एक मकान में छुपा हुआ है। रोहतक एसटीएफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर हरेश सहरावत के नेतृत्व में पुलिस ने गांव में दबिश दी और पांच को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। ताकि रोहित व राजेंद्र हत्याकांड के अलावा दूसरी वारदातों से पर्दा उठ सके।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा: प्राकृतिक खेती थीम पर एचएयू हिसार का कृषि मेला आज से, प्रगतिशील किसानों को किया जाएगा सम्मानित
मिठाई विक्रेता से मांगी थी 25 लाख की चौथ
पुलिस के मुताबिक 27 फरवरी को अंकित उर्फ बाबा अपने साथियों के साथ सुनारिया चौक स्थित मिष्ठान भंडार पर पहुंचा। साथ ही दुकानदार से 25 लाख की चौथ मांगी। मना करने पर उसे गोली मार दी। शिवाजी कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद एसपी उदय सिंह मीना व एएसपी मेधा भूषण मौके पर पहुंची थी।
पांच साल से चल रही रंजिश, एक सप्ताह में हुई तीन हत्याएं
पुलिस के मुताबिक रिटौली निवासी अंकित उर्फ बाबा छह साल पहले अपराध की दुनिया में आया था। गांव में दूसरे पक्ष का बोलबाला था। उसे चुनौती देने के लिए पहले अंकित और फिर उसका भाई सन्नी मैदान में आया। धीरे-धीरे आसपास के गांवों से गैंग में साथियों को जोड़ा। दूसरी तरफ से हिमांशु उर्फ भाऊ भी 2019 तक सक्रिय हो गया था। उस समय हिमांशु नाबालिग था। धीरे-धीरे दोनों गैंग के बीच तनाव बढ़ता चला गया।
अब 2 मार्च को भाऊ के परिवार के युवक 22 वर्षीय रोहित की हत्या कर दी गई। जब गांव के युवक राजेंद्र उर्फ माडू ने वारदात करके भाग रहे तीन युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो उसे भी गोली मार दी गई। दोहरे हत्याकांड में अंकित उर्फ बाबा सहित अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा: सीटें कम, फीस ज्यादा, डॉक्टर बनने के लिए विदेश जाने को मजबूर, जानिए प्रदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई का हाल
पांच दिन बाद 7 मार्च को गांव से बस लेकर आ रहे हंसराज उर्फ हंसे ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप दूसरी गैंग के सरगना हिमांशु उर्फ भाऊ, उसके साथी अंकित उर्फ चुचु, सुशील उर्फ सीले व अन्य पर लगा। अब अंकित उर्फ बाबा व उसकी गैंग के ज्यादातर सदस्य गिरफ्तार हो गए हैं। अब पुलिस हिमांशु उर्फ भाऊ की गैंग को दबोचने का प्रयास कर रही है।
पकड़े गए आरोपियों का है आपराधिक रिकॉर्ड
अंकित उर्फ बाबा : अंकित के खिलाफ 2016 में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मारपीट, धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। जमानत पर आने के बाद 2018 में मारपीट व धमकी का केस दर्ज हुआ। फरवरी 2022 में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ, जबकि मार्च 2022 में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
सन्नी : झज्जर के सदर थाने में 2021 में मारपीट व धमकी, दिसंबर 2021 में बेरी थाने में जानलेवा हमला, जनवरी 2021 में आर्म्ज एक्ट, मार्च 2022 में शिवाजी कॉलोनी थाना रोहतक में हत्या का केस दर्ज हुआ है।
विनीत उर्फ विन्नी : फरवरी 2021 में बेरी थाने में आर्र्म्स एक्ट, जनवरी 2021 बेरी थाने में लूट, दिसंबर 2021 में बेरी थाने में हत्या के प्रयास, फरवरी 2022 में शिवाजी कॉलोनी थाने में हत्या के प्रयास व मार्च 2022 में शिवाजी कॉलोनी थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ।
अमित उर्फ मीता व यश उर्फ गज्जू : फरवरी 2022 में हत्या के प्रयास व मार्च 2022 में हत्या का मामला शिवाजी कॉलोनी थाने में दर्ज हुआ है।
एसटीएफ टीम में ये टीम रही शामिल
इंस्पेक्टर हरेश सहरावत, एएसआई हितेंद्र, हवलदार जितेन्द्र व योगराज, सिपाही संदीप, तकदीर सिंह, हरेंद्र, सचिन व संदीप।
वहीं, हंसराज हत्याकांड में कबूलुपुर का युवक रवि गिरफ्तार
शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने सात मार्च को रिटौली में हुए हंसराज उर्फ हंसे ठेकेदार हत्याकांड में नजदीक गांव कबूलपुर निवासी रवि को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रवि वारदात की साजिश में शामिल रहा है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि सात मार्च को रिटौली गांव निवासी हसंराज उर्फ हंसे अपनी प्राइवेट सोसायटी की बस लेकर रोहतक आ रहा था। गांव के अड्डे पर जब सवारियों का इंतजार कर रहा था, तब तीन युवकों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात में पुलिस तीन लोगों को काबू कर चुकी है। जांच में रवि का नाम भी आया, जिस पर साजिश में शामिल होकर हमलावरों को बाइक उपलब्ध कराने का आरोप है।