आरोपी सुखविंदर की गोली से गंभीर रूप से घायल मासूम सरताज का इलाज पीजीआईएमएस के पीकू वार्ड में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कोच अमरजीत की हालत भी स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों की विशेष टीम सरताज के इलाज में जुटी हुई है। जिसकी अपडेट डीजीपी, एडीजीपी, एसपी सहित तमाम पुलिस के अधिकारी लगातार ले रहे हैं।
जाट कॉलेज के विद्यार्थियों ने निकाला कैंडल मार्च
कॉलेज के प्रोफेसर मनोज मलिक, उसकी पत्नी साक्षी मलिक की हत्या होने और उनके बेटे सरताज के गंभीर रूप से घायल होने पर जाट कॉलेज के विद्यार्थियों ने कैंडल मार्च निकाला। युवाओं ने यह कैंडल मार्च जाट कॉलेज से डी-पार्क तक निकाला। शाम करीब छह बजे मानसरोवर पार्क पहुंचे और वहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे कैंडल रखकर मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वास्थ्य होने के लिए प्रार्थना की।