रोहतक निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल उर्फ राजू सहगल के निजी सचिव के साथ गुरुचरणपुरा में गली में धरने पर बैठी एक महिला ने हाथापाई की। साथ में अपशब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक प्रताप मोहल्ला निवासी सोनू ने बताया कि वह शनिवार रात करीब आठ बजे सीनियर डिप्टी मेयर के निजी सचिव के गुरुचरणपुरा स्थित कार्यालय में स्कूटी पर जा रहा था। रास्ते में एक महिला गली धरना देकर बैठी थी। बोली, मेरे पारिपारिक विवाद का निपटारा करवाओ। उसने असमर्थता जाहिर की तो गाली-गलौच करने लगी। साथ ही गालियां दी। बोली, मैं तुम सबको जान से मारूंगी। उसकी स्कूटी पकड़ ली और कॉलर पकड़कर खींचा। इससे वह गिर गया। उसने मामले की सूचना सिटी थाना प्रभारी को दी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई पर उतर आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कई बार प्रदर्शन कर चुकी है महिला
महिला का प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से परिवार के साथ विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर वह अक्सर प्रदर्शन करती रहती है। कई बार पुलिस तक मामला पहुंच चुका है। पुलिस का कहना है कि मामला अदालत के माध्यम से ही निपट सकता है।
गुरुग्राम की कंपनी के कर्मचारी का लैपटॉप चोरी
दिल्ली चौक स्थित निजी अस्पताल में उपचार कराने आए गुरुग्राम की कंपनी के एक कर्मचारी की कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप निकाल कर ले गए। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बलियाना गांव निवासी अमित देशवाल ने दी शिकायत में बताया कि गुरुग्राम की निजी कंपनी में नौकरी करता है। कंपनी की तरफ से उसे एक लैपटॉप दिया गया था। वह कार से दिल्ली चौक स्थित निजी अस्पताल में अपना उपचार कराने के लिए आया था। अस्पताल के पास पार्किंग की सुविधा नहीं थी। इस कारण उसने कार सेक्टर एक के मोड़ पर खड़ी कर दी। चार घंटे बाद वापस आया तो कार की बायीं साइड का पिछला शीशा टूटा मिला। अंदर से लैपटॉप गायब मिला।