लालनाथ हिंदू कॉलेज में परीक्षा देने गए तीन छात्रों के मोबाइल चोरी
- दो दिन इंतजार करने के बाद छात्रों ने कराया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
शहर के लालनाथ हिंदू कॉलेज में परीक्षा देने गए तीन छात्रों के कमरे के बाहर बैग में रखे मोबाइल फोन चुरा लिए। पहले तो छात्रों ने मजाक समझा, लेकिन जब सुराग नहीं लगा तो शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक श्रीनगर कॉलोनी निवासी जतिन ने शिकायत दी है कि वह बीकॉम का छात्र है। वह लालनाथ हिंदू कालेज में दो दिन पहले परीक्षा देने के लिए गया था। अपने साथी छात्र इरफान और अंकित के साथ अपने-अपने मोबाइल बैग में रखकर परीक्षा केंद्र के बाहर रख दिए। जब परीक्षा देकर आए तो बैग गायब मिला। उसने इधर-उधर पूछताछ की, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। संपर्क करने पर तीनों मोबाइल बंद मिले। पहले तो उन्होंने सोचा कि कोई साथी छात्र मजाक कर रहा है। मोबाइल वापस दे जाएगा, लेकिन दो दिन बाद भी जब मोबाइल नहीं मिले तो वे पुलिस थाने में पहुंचे हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कार्यालय से कृषि अधिकारी का मोबाइल चोरी
नई अनाज मंडी स्थित कृषि विपणन बोर्ड कार्यालय से सहायक ऑफिसर का मोबाइल चुरा लिया। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है। कृषि अधिकारी सुरेंद्र शर्मा निवासी नेहरू कॉलोनी ने शिकायत दी है कि वे अपने कार्यालय में बैठे थे, जहां मेज पर ही मोबाइल फोन रह गया। इसी बीच अधीक्षक अभियंता ने विभाग के कार्य से अपने कार्यालय में बुला लिया। वापस आया तो मोबाइल गायब मिला।