कलानौर। नागरिक अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मलिक और डॉ.विकास के संयुक्त अध्यक्षता में स्वास्थ्यकर्मियों की बैठक हुई।
इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास ने बताया कि बारिश के मौसम में आम सामान्य मौसमी बुखार, गले में खारिश, नाक बहना, उल्टी दस्त व चक्कर आना जैसी तकलीफ हो तो सामान्य अस्पताल में निशुल्क जांच करवाएं और समय पर इलाज लें ताकि बीमारी को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मलिक ने बताया कि बार-बार बारिश से तापमान में बदलाव हो रहा है और मच्छरों की तादाद भी बढ़ रही है। लोग अपने घरों की छतों पर पुराने बर्तन, टायर ट्यूब, मटके ड्रम इत्यादि को हटाए ताकि उसमें बारिश का पानी इकट्ठा ना हो और मच्छर का लार्वा न पैदा हो। गर्भवती, बुजुर्गों व छोटे बच्चों को मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए। प्रत्येक दिन घर की नाली में व आस-पड़ोस में जहां भी पानी इकट्ठा हो वहां काला तेल डालें और बुखार होने पर पैरासिटामोल या क्रोसिन की गोली का सेवन करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। नागरिक अस्पताल में डेंगू, फीवर की निशुल्क जांच उपलब्ध है।
आयुष्मान भारत कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर डॉ .सुरेंद्र ने बताया कि लाभार्थियों से अनुरोध है कि वह यह चिरायु कार्ड अवश्य बनवाएं और हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ उठाएं।नागरिक अस्पताल में स्पेशल डेंगू वार्ड भी बनाया हुआ है और ऑक्सीजन व अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल के डॉ. तेज सिंह, डॉ.अनिल, डॉ विवेक, सतीश कुमार, रवीश कुमार, मनोज कुमार, इकबाल मोहम्मद, निर्दोष, एएनएम निर्मला, सुदेश, दर्शन कुमार ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सभी आशा वर्कर व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।