खिड़वाली गांव में बुधवार की रात ग्राम सचिव ने चार युवकों को गाना बजाने से रोका तो युवकों ने न केवल मारपीट की, बल्कि घर के बाहर हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित ने इस संबंध में चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है, जिसमें तीन युवक गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक खिड़वाली गांव निवासी रवि ने दी शिकायत में बताया कि वह ग्राम सचिव के तौर पर चरखी दादरी में तैनात है। बुधवार की रात करीब 12 बजे लघुशंका करने के लिए घर से बाहर आया। उस समय गली में चार युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर गाने बजा रहे थे। उसने कहा कि आधी रात को क्यों गाने बजा रहे हो। इस पर गांव का युवक नवीन उर्फ भंडर बोला, तू कौन होता है यह पूछने वाला। इस बात को लेकर आरोपी झगड़ा करने लगे। शोर सुनकर घर के अंदर से मां व भाई भी आ गए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। उस समय तो बीचबचाव करवा दिया गया। वह भाई व मां के साथ घर के अंदर आ गया। थोड़ी देर बाद घर के बाहर फायरिंग की गई। वे घर से बाहर नहीं निकले। आरोपी धमकी देकर चले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस गांव में पहुंची और ग्राम सचिव के बयान दर्ज किए।
पुलिस की मौजूदगी में फायरिंग
पीड़ित ने बताया कि जब पुलिस गांव में पहुंचकर छानबीन कर रही थी, उस समय भी गांव के अंदर से फायरिंग की आवाज आई थी। थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने बताया कि खिड़वाली गांव के ही युवक नवीन उर्फ भंडर, भोली, जतिन व सोनीपत के गंगाना गांव निवासी आशीष के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।