रोहतक/महम। मदीना गांव के युवक को एनडीपीएस एक्ट में फंसाने का डर दिखाकर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। इस मामले में श्रीकांत जाधव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो मधुबन ने रोहतक यूनिट के इंस्पेक्टर शिव दर्शन व सिपाही राजीव को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही युवक की शिकायत पर बहुअकबरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट 1985 के सेक्शन 20, 25, 59 व भ्रष्टाचार अधिनियम 1998 के सेक्शन 7 व 8 के तहत पांच पुलिसकर्मियों सहित 6 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मदीना गांव निवासी अनूप ने दी शिकायत में बताया कि 19 अगस्त को तड़के करीब साढ़े 3 बजे तीन गाड़ियों में सवार होकर पुलिस ने उसके घर दबिश दी। पुलिस निरीक्षक शिवदर्शन, सिपाही राजीव व 5 अन्य पुलिसकर्मी उसे अपने साथ ले गए। निरीक्षक शिवदर्शन ने प्लास्टिक की थैली में काले रंग का पदार्थ दिखा कर कहा कि तेरे घर से सुल्फा बरामद हुआ है। तेरे खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। युवक ने कहा कि उसे इस बारे कुछ पता नहीं है। यह पदार्थ किसका है और कहां से आया है। इसके बाद उसे बोलेरो गाड़ी में बैठाकर रोहतक दिल्ली रोड पर ओमेक्स सिटी में बने एक फ्लैट में ले जाया गया। वहां पर उसके गांव मदीना का युवक पवन मिला, जो पुलिस में ही तैनात है। पवन ने कहा कि उसकी इंस्पेक्टर शिवदर्शन से जानकारी है। तुम्हें पैसे ले-देकर छुड़वा दूंगा। इसके बाद उससे एक लाख रुपये मांगे गए। उसने 20 हजार रुपये का ही बंदोबस्त करने की बात कही। इसके बाद पवन ने उसके भाई जयभगवान को बुलाया। इंस्पेक्टर शिवदर्शन ने एक कागज पर कुछ लिया और उसके व उसके भाई के हस्ताक्षर करवाकर छोड़ दिया। अगले दिन पवन व सिपाही राजीव घर आए और 20 हजार रुपये ले लिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने पैसे देकर कहा कि, आप लोगों ने मेरे साथ ठीक नहीं किया है। इसकी लिखित शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों को करूंगा। इसके दो दिन बाद पवन उसके घर आया और 20 हजार रुपये वापस दे गए।
........
मामले में बहुअकबरपुर थाने में पांच पुुलिसकर्मियों सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 20, 25, 59 व भ्रष्टाचार अधिनियम 1998 के सेक्शन 7 व 8 लगाया गया है। मामले की गहराई से जांच होगी।
महेश कुमार, डीएसपी
डीएसपी करनाल की जांच के बाद मामले में इंस्पेक्टर शिवदर्शन व सिपाही राजीव को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच की जा रही है।
- केवल सिंह, निरीक्षक हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो