राई (सोनीपत)। यमुना में अवैध रेत खनन की लगातार शिकायतों के बावजूद स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की तो खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने चंडीगढ़ से मंगलवार की रात को टीम भेजकर छापा पड़वा दिया। चंडीगढ़ से आई टीम को ग्यासपुर में अल्टीमेट ग्रुप के कर्मी अवैध रूप से खनन करते हुए मिले तो वहां छह पोकलेन मशीन और रेत से भरे आठ ट्रकों को तब्त कर दिया गया। ग्यासपुर में भाजपा नेताओं का नाम लेकर दबाव डालने का प्रयास भी किया गया, लेकिन उसके बावजूद चंडीगढ़ की टीम ने कार्रवाई कर दी। जिस तरह से मंत्री ने खुद टीम को भेजकर कार्रवाई करानी शुरू कर दी है और अवैध रेत खनन होता मिला है, उसको देखते हुए अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।
यमुना के अंदर पिछले काफी समय से लगातार अवैध रेत खनन किए जाने की शिकायत अधिकारियों के पास पहुंच रही थी। अधिकारियों के कार्रवाई नहीं करने पर खनन मंत्री मूलचंद शर्मा के पास शिकायत पहुंचने लगी। इसके साथ ही सरकार के करोड़ों रुपये दबाकर रखने के बावजूद ठेकेदारों के लगातार खनन करने की शिकायत भी मंत्री के पास पहुंची। इस तरह की शिकायत मिलने पर खनन मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया और जिला खनन अधिकारी अशोक कुमार को कार्रवाई के आदेश दिए। जिला खनन अधिकारी ने एक खान को निलंबित करने के अलावा तीन खानों के ठेके ही रद्द कर दिए। इसके बावजूद भी अवैध रेत खनन नहीं रुका तो मंत्री ने चंडीगढ़ मुख्यालय से एक टीम बनाकर उसे सभी जिलों में छापेमारी करने के आदेश दिए, जिसके बाद से वह टीम उन सभी जिलों में पहुंच रही है, जहां से अवैध रेत खनन की शिकायत मिल रही है और वहां के अधिकारी उस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
चंडीगढ़ की टीम ने मंगलवार रात को सोनीपत में यमुना खादर में छापा मारा, जिसको ग्यासपुर में अवैध रूप से खनन होता मिला। वहां से टीम ने रेत लेकर जा रहे आठ ट्रकों और छह पोकलेन मशीनों जब्त किया। वहां भाजपा नेता का नाम लेकर दबाव डालने का प्रयास भी किया गया, लेकिन टीम कार्रवाई से पीछे नहीं हटी। वहां टीम को छानबीन में पता चला कि ग्यासपुर में ठेका लेने वाले अल्टीमेट ग्रुप की ओर से यह खनन कराया जा रहा था। इस कारण ही टीम ने मौके पर मुरथल थाने की मिमारपुर चौकी पुलिस को बुलाकर सभी छह पोकलेन मशीन और आठ ट्रक उनके सुपुर्द कर दिए। ग्यासपुर में पुलिस ने डेरा डाल लिया है और वहां अवैध रेत खनन नहीं होने देने की बात कही जा रही है।
प्रशासनिक और खनन विभाग के अधिकारियों को नहीं बताया गया
खनन मंत्री मूलचंद शर्मा की सख्ती के बाद सरकार का रुपया दबाकर बैठे खनन ठेकेदारों और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं टीम ने छापा मारना शुरू कर दिया है, लेकिन इसमें सबसे ज्यादा इसका ध्यान रखा जा रहा है कि स्थानीय प्रशासनिक और खनन विभाग के अधिकारियों को सूचना तक नहीं दी जाती है। क्योंकि प्रशासनिक और खनन विभाग के अधिकारियों के पास पहले ही शिकायत पहुंचने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और उन पर भी अवैध खनन नहीं रुकने पर शिकंजा कसा जा सकता है।
आगे की कार्रवाई खनन विभाग करेगा
चंडीगढ़ से खनन विभाग की टीम ने ग्यासपुर में छापा मारा था, जहां छह पोकलेन मशीन और आठ ट्रकों को जब्त किया गया है। उस टीम ने मशीनों को अल्टीमेट ग्रुप की बताया है और उन मशीनों के पास पुलिस तैनात करके कब्जे में लिया गया है। इसमें आगे की सभी कार्रवाई खनन विभाग की ओर से की जाएगी।
जगबीर, चौकी प्रभारी मिमारपुर
टीम सभी जिलों में कार्रवाई कर रही है
चंडीगढ़ की टीम सभी जिलों में पहुंच रही है और वह खनन करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। टीम ने यहां भी छापा मारा है और टीम खुद कार्रवाई कर रही है। इस बारे में ज्यादा टीम ही बता सकती है।
-अशोक कुमार, जिला खनन अधिकारी
ग्यासपुर में यमुना के अंदर सीज की गई मशीनों के पास खड़ी पुलिस।- फोटो : Sonipat