झज्जर। आगामी 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए झज्जर पुलिस द्वारा लगातार नाके लगाकर व गुप्त सूत्रों द्वारा अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि हरियाणा में होने वाले लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए झज्जर पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय व अंतरजिला स्तर पर करीब 14 नाके के लगाए गए हैं, जिन पर 24 घंटे पुलिस कर्मचारी मौजूद हैं और प्रत्येक आने जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
दिल्ली से लगती सीमा पर चुनाव के दौरान अवैध शराब मादक पदार्थ व रूप आदि का आदान-प्रदान इधर से उधर, उधर से इधर न हो सके इसके लिए विशेष नाके लगाकर संघन जांच की जा रही है। प्रदेश में आचार संहिता लगने के बाद से ही शराब की अवैध बिक्री, भंडारण एवं आपूर्ति पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा जगह-जगह पर छापेमार कार्रवाई की जा रही है। विशेष छापेमार कार्रवाई व गुप्त सूत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीते 10 दिन के दौरान झज्जर पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों से शराब की तस्करी के संबंध में 15 मुकदमे दर्ज करके 17 आरोपियों को काबू किया गया है। उनसे अवैध देसी शराब की 4335 बोतल, अंग्रेजी शराब की 286 बोतल और बीयर की 48 बोतल बरामद की गई है। अवैध शराब के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने में आप पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और इस दौरान अगर कोई व्यक्ति वोटों को अपने पक्ष में करने के लिए किसी को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पता गुप्त रखा जाएगा।