बेरी। शहर चौकी के अंतर्गत आने वाले बेरी-गोच्छी मार्ग पर जाट धर्मशाला के पास शादी समारोह में आए कार सवार युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने गोली चला दी। गोली चलाने के बाद बाइक सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घायल कार सवार युवक को परिजनों ने पीजीआईएमएस रोहतक भर्ती करवाया, जहां युवक का इलाज चल रहा है। इस संबंध में शहर चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फतेहगढ़ चरखी दादरी निवासी महेश ने बताया कि 10 मई को उसका लड़का साहिल मेरे भतीजे अमित की शादी में फतेहगढ़ से बेरी शादी समारोह में आए हुए थे। साहिल अपनी अलग कार करके शादी में आया था। कार में साहिल, मोहित व बलराज बैठे हुए थे। रात्रि करीब 10 बजे जब वह बेरी-गोच्छी मार्ग पर जाट धर्मशाला के पास पहुंचे तो बाइक पर दो युवक सवार होकर आए और साहिल की कार के पास आकर रुके और उससे कुछ पूछने लगे। तभी बाइक सवार एक युवक ने साहिल पर गोली चला दी। गोली लगाने के बाद परिजनों में अफरा-तफरा मच गई। इससे साहिल घायल हो गया। घायल साहिल को परिजन उपचार के लिए आनन-फानन में पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचे। जहां पीजीआई में साहिल का इलाज चल रहा है। बाइक सवार युवकों ने गोली क्यों चलाई और इसके पीछे क्या वजह है। अभी कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साहिल के अनफिट होने के कारण अभी पुलिस बयान नहीं ले पाई है। जांच अधिकारी जयपाल ने बताया कि बेरी-गोच्छी मार्ग पर जाट धर्मशाला के पास शादी समारोह में आए युवक पर बाइक सवार युवकों ने गोली चलाने की सूचना मिली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बाइक सवार कोन थे और गोली क्यों चलाई गई, इसकी जांच की जा रही है।