कोरोना व डेंगू का खौफ बना हुआ है। जिले में वीरवार को डेंगू के 12 नए केस मिले। इसके साथ ही डेंगू का आंकड़ा 385 पहुंच गया है। कोरोना का जिले में कोई नया केस नहीं मिला है। जिले में पांच सक्रिय मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कोरोना का नया केस नहीं मिला है। विभाग ने वीरवार को 907 लोगों के सैंपल लिए। जबकि 470 को रिपोर्टर का इंतजार रहा। जिले में महामारी की संक्रमण दर 4.60 प्रतिशत व सुधार की दर 97.71 प्रतिशत है। टीकाकरण अभियान के तहत लोगाें को वैक्सीन लगाई जा रही है। वीरवार को 801 लोगों को पहली व 1779 को दूसरी डोज लगाई गई। अब तक जिले में 1040568 वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।
इधर, डेंगू के 12 नए केस दर्ज किए गए हैं। इसमें मदीना से 2, फतेहपुरी कॉलोनी, कबीर कॉलोनी, सैनीपुरा, सेक्टर 2-3 का पार्ट, प्रीत विहार, प्रेम नगर, पिथवाड़ा मोहल्ला, लाहली का एक-एक केस शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा विरोधी अभियान के तहत विभिन्न इलाकों में जल स्रोतों की जांच की गई। इस दौरान 30 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिला। इसमें प्रताप मोहल्ला, नेहरू कॉलोनी, संजय नगर, सैनीपुरा, विजय नगर, जहवार नगर, देव कॉलोनी, हकीकत नगर शामिल है। उधर, जिला मलेरिया वर्किंग कमेटी की डीआरडीओ विकास भवन में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल ने की। सिविल सर्जन डॉ. जेएस पूनिया व उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल ने डेंगू, मलेरिया की स्थिति की जानकारी दी। अतिरिक्त उपायुक्त ने गांव में फॉगिंग के लिए पंचायतीराज की ओर से फॉगिंग मशीन की खरीद करने को कहा। इससे ग्रामीण क्षेत्र की जनता को मच्छर जनित रोगों से निजात दिलाने में मदद मिलेगी।