रोहतक। कोरोना एक बार फिर शतक लगाने की तैयारी में है। जिले में सक्रिय मरीजों का 96 पर पहुंचा आंकड़ा भी यही बयान कर रहा है। सोमवार को जिले में दस मरीजों को ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई। जबकि 14 नए संक्रमित मिले। यानी ठीक होने से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे में लापरवाही भारी पड़ सकती है।
महामारी का खतरा एक बार फिर सिर उठाने लगा है। धीरे-धीरे बढ़ रहे कोरोना केस शतक के करीब पहुंच गए हैं। जिले में सोमवार को 10 मरीजों के ठीक होने बाद सामने आए 14 नए मरीजों की संख्या के साथ सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 96 दर्ज किया गया। इन 14 नए मरीजों में सात साल का बच्चा व पीजीआई का एक चिकित्सक भी शामिल हैं। इनमें पांच महिलाएं व नौ पुरुष हैं। विभाग ने दिन भर में 364 लोगों के सैंपल लिए। जबकि 163 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार रहा। जिले में संक्रमण की दर 0.038 प्रतिशत व सुधार की दर 97.84 प्रतिशत रही। महामारी से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग का टीकाकरण अभियान जारी है। इसके तहत लोगों को वैक्सीन दी जा रही है।