रेवाड़ी। जिले में पुरुष व महिला सब इंस्पेक्टर पद के लिए रविवार को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से 38 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 38 केंद्रों पर 11400 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा को नकल रहित व सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए जिले में नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेंटर अधीक्षकों की बैठक जिला उपायुक्त ने ली।
उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित गत परीक्षाओं को अपनी जिम्मेवारी समझते हुए आप सभी ने अच्छा कार्य किया था, उसी प्रकार इन परीक्षाओं को भी सभी को आपसी तालमेल से कार्य करते हुए सुचारु रूप से सम्पन्न करवाना है। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं को संपन्न करवाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त आशिमा सांगवान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार को कोर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। उपायुक्त ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेटों व सेंटर अधीक्षकों को कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा में किसी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं से भी इस बारे में शिकायत आई तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
------------
5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट रखे गए हैं रिजर्व
जिला प्रशासन की ओर से लिखित परीक्षा के लिए 27 लोकेशन पर 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाओं को नकल रहित व सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए जिले में 25 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है, जिनमें 5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं, जो अपने निर्धारित केंद्रों पर ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
उपायुक्त ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि पेपर ले जाते समय पेपर पैकिंग सील को अच्छी तरह से चेक करें कि वो खुली हुई तो नहीं है, तथा प्रश्न पत्रों के पैकेट की पैकिंग सील परीक्षा केंद्र में सेंटर अधीक्षक व स्टाफ सदस्यों की उपस्थिति में ही खोले। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने वाला प्रत्येक कर्मचारी व अधिकारी अपना पहचान पत्र लगाकर रखें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान चेकिंग के लिए फ्लाइंग स्क्वायड की टीमें गठित की हुई है, इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की टीमें भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगी।
परीक्षार्थियों को एक घंटा पहले केंद्र में पहुंचना होगा
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली सब इंस्पेक्टर परीक्षा प्रात:कालीन सत्र में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रात: 9:00 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित होगी। उपायुक्त ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे के बीच में रिपोर्ट करनी होगी, सुबह 8:00 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा के लिए निर्धारित समय से पहले किसी परीक्षार्थी को केंद्र छोड़ने की इजाजत नहीं होगी।
परीक्षा में यह ले जाना रहेगा प्रतिबंधित
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मी प्रवेश पत्र पर लगे फोटो सहित अन्य जांच करने उपरांत प्रार्थी को आगे जाने की अनुमति देगा, बिना एडमिट कार्ड के किसी को प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। किसी परीक्षार्थी को अपने साथ कोई मोबाइल फोन, बेल्ट, किसी प्रकार की घड़ी, पहनने वाले आभूषण जैसे चैन, अगूठी, ईयर रिंग, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार यंत्र, पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर, फ्लयूड आदि परीक्षा केन्द्र की परिधि में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
---------
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा आयोग की हिदायतों के अनुसार ही परीक्षार्थियों को जांच उपरांत परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के बाहर भी भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी तथा सुरक्षा के पूरे प्रबंध किए गए है।
एडीसी आशिमा सांगवान ने कहा कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेंटर अधीक्षक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी हिदायतों को अच्छे से पढ़ ले ताकि परीक्षा के समय कोई दिक्कत न आएं। उन्होंने कहा कि सभी सेंटर अधीक्षक परीक्षा केंद्रों में जैमर, सीसीटीवी कैमरे आज ही चेक कर लें। यदि किसी परीक्षा केंद्र में जैमर व सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहा है तो उसकी सूचना तुरंत परीक्षा की नोडल अधिकारी एडीसी या जिला शिक्षा अधिकारी को दें तथा बॉयोमैट्रिक कार्य करने वाली ऐजेंसी से भी संपर्क कर लें ताकि परीक्षा के समय कोई समस्या न रहे।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य सत्यवान ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेंटर अधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के सभी अधिकारी काबिल व ईमानदार हैं। सभी अच्छे से कार्य कर इन परीक्षाओं को सुचारु ढंग से संपन्न करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान कोई भी समस्या आती है तो उसके बारे में लिखित में दें। बैठक में एसडीएम कोसली होशियार सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, आयोग के अधीक्षक सतीश गांधी सहित सेंटर अधीक्षक व ड्यूटी मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।
-----------------------------------------
आज इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में परीक्षा के लिए 27 लोकेशन पर 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जोकि जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वायज, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अहीर कालेज रेवाड़ी, सनगलो इंटरनेशनल स्कूल सहारनवास, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना, माता राज कौर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सहारनवास, सूरज सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिल्ली रोड, केएलपी कॉलेज रेवाड़ी, आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिल्ली रोड, यूरो इंटरनेशनल स्कूल दिल्ली रोड़, यदुवंशी शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटौदी रोड में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा रा.क.व.मा.वि. रेवाड़ी, राजकीय ब्वायज व.मा.वि. रेवाड़ी, आरडीएस पब्लिक गर्ल्स कॉलेज, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, कैंब्रिज स्कूल गढ़ी बोलनी रोड, राज इंटरनेशनल स्कूल लियो चौक, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-18 रेवाड़ी, सोमाणी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी गढी बोलनी रोड रेवाड़ी, ऋषि पब्लिक स्कूल दिल्ली रोड, दिल्ली पब्लिक स्कूल जोनावास, स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल झज्जर रोड, महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल सरकुलर रोड, जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जैन पब्लिक स्कूल सरकुलर रोड, हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल मॉडल टाउन व माउंट लिट्रा जी स्कूल दिल्ली रोड में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।