कंप्यूटर लैब हैक कर तीन अभ्यर्थियों को वर्ष 2017-18 में हुई मल्टी टॉस्किंग स्टाफ (एमटीएस) की परीक्षा पास कराने के बारे में पता चला है। इस मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) गुरुग्राम द्वारा धारूहेड़ा थाने में गांव असदपुर (सूरजपुरा) व जिला पलवल के गांव अतर चिट्टा निवासी दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। दोनों युवकों पर ऑफलाइन परीक्षा में भी अभ्यर्थी की जगह किसी अन्य से परीक्षा दिलाने का आरोप है। एसटीएफ गुरुग्राम मामले की जांच कर रही है।
थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, गांव असदपुर निवासी रोहित, जिला गुरुग्राम के गांव बलेवा निवासी पूनम उर्फ बबली व जिला महेंद्रगढ़ के गांव बाछौद निवासी अमन को परीक्षा पास करवाई गई है। आरोपियों ने परीक्षा पास करवाने के लिए डेढ़ से दो लाख रुपये लिए थे। आरोपियों ने ऑफलाइन परीक्षा में भी अभ्यर्थियों की जगह किसी अन्य व्यक्ति से परीक्षा दिलवाई। एसटीएफ को जानकारी मिली है कि पेपर लीक कराकर जो रकम आई उससे आरोपियों ने संपत्ति खरीदी है।
शिकायत में एसटीएफ के एएसआई सतीश ने कहा कि गुरुग्राम के पुलिस अधीक्षक से मिले पत्र के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में पता लगा कि गांव असदपुर (सूरजपुरा) निवासी अरुण कुमार उर्फ पांडेय उर्फ सोनू केंद्र सरकार व अन्य राज्यों की सरकारी नौकरियों के लिए होने वाली ऑनलाइन व ऑफलाइन परीक्षाओं में पास करवाने के लिए अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेते हैं। अरुण अभ्यर्थियों व उनके स्वजन को अपने घर बुलाता, जिसके बाद जिला पलवल के गांव अतर चिट्टा निवासी राज तेवतिया से मिलवाता है। राज तेवतिया द्वारा अभ्यर्थियों के नाम व रोल नंबर ले लिए जाते हैं। इसके बाद साफ्टवेयर के जरिये हैकर्स की मदद से परीक्षा केंद्र की कंप्यूटर लैब को हैक कर लेते थे। एसटीएम को संदेह है कि इस मामले में राज तेवतिया के साथ और भी कई लोग शामिल हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सॉफ्टवेयर की मदद से करते हैं लैब हैक
एसटीएफ ने जांच के बाद बताया कि राज तेवतिया देशी-विदेशी सॉफ्टवेयर हैकर बुलाकर या फिर हैकिंग सॉफ्टवेयर टूल्स का इस्तेमाल करके परीक्षा सेंटर की लैब ही हैक कर देता है। इसके बाद डील में शामिल परीक्षार्थी का पेपर पास कराया जाता है। इतना ही नहीं ऑफलाइन परीक्षा में राज तेवतिया परीक्षार्थी की जगह किसी अन्य व्यक्ति से पेपर दिलाने का भी काम करता है। एसटीएफ की मानें तो इस गिरोह में काफी लोग शामिल हैं। एक परीक्षार्थी से पेपर पास कराने के नाम पर डेढ़ से 2 लाख रुपये लिए जाते हैं।
एसटीएफ की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उनकी तलाशी की जा रही है। आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। मनोज, थाना प्रभारी धारूहेड़ा