कुंड। कुंड चौकी पुलिस ने कैंपर से कुचलकर युवक की हत्या के प्रयास के मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गांव ढाणी शोभा निवासी सुदेश उर्फ सूरज, कुंड मंडी निवासी जितेंद्र उर्फ जीता गुर्जर व जिला महेंद्रगढ़ के गांव सुरजनवास शिवकुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गांव मनेठी निवासी धर्मेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया था कि 25 अप्रैल को वह दोपहर के समय अपने साथी शुभम और वेदपाल के साथ वेदपाल के सर्विस स्टेशन पर बैठे हुए थे। तभी अचानक से एक कैंपर गाड़ी वहां आई। जिसे अटेली के बेगपुर निवासी हरेंद्र चला रहा था। जो कैंपर से संदीप उर्फ मामा निवासी गांव खैराना जिला महेन्द्रगढ, सूरज निवासी गांव ढाणी कोलाना, अंकित निवासी गांव पाडला, नीरज निवासी गांव मनेठी, जितेन्द्र उर्फ जीता गुर्जर निवासी गांव कुण्ड व तीन/चार अन्य युवक उतरे और लाठी, डंडों से उनके साथ मारपीट करने लग गऐ। इसी बीच आरोपी हरेंद्र ने कैंपर को उसके प्लाट में से घुमाकर उन्हें जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी। जब तक वह संभल पाते तब तक आरोपी हरेंद्र ने उसके साथी वेदपाल व आरोपी के साथ आए एक लड़के अंकित को कुचल दिया। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर कैंपर को लेकर बहरोड़ रोड की तरफ से भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना खोल में मारपीट व हत्या के प्रयास तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। पुलिस ने वीरवार को मामले में संलिप्त तीन आरोपी सुदेश उर्फ सूरज, जितेंद्र उर्फ जीता गुर्जर व शिवकुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।