रेवाड़ी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शहर के केएलपी कॉलेज में पढ़ने वाले बीए तृतीय वर्ष के एक छात्र से मारपीट करके चाकू से हमला करने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नया गांव निवासी रितिक पुत्र इंद्रपाल, आशियाकी पांचौर निवासी हेमंत पुत्र अनिल और रोहड़ाई निवासी प्रतीक उर्फ पुनीत पुत्र श्यामफूल के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पीवरा की ढ़ाणी निवासी निशांत ने मॉडल टाउन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह केएलपी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। वीरवार की सुबह उसकी लिसाना निवासी पुनीत के साथ कॉलेज में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुनीत वहां से चला गया था। कुछ समय बाद निशांत रोहड़ाई निवासी उत्तम के साथ घर जा रहा था। जैसे ही सतीश कॉलेज की गली के समीप पहुंचा तो पुनीत अपने साथ कुछ लड़कों को लेकर खड़ा था। जब निशांत उनको देखकर भागने लगा तो पुनीत ने साथियों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और उसके साथ पिटाई की। उनमें से एक लड़के सुंडु ने चाकू से उसके दाहिने पैर पर दो जगह वार किया। जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने निशांत की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद वारदात में शामिल तीन आरोपियों रितिक, हेमंत और प्रतीक उर्फ पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है।