हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 26 सितंबर को जिले में पुरुष और महिला सब इंस्पेक्टर भर्ती की परीक्षा ली जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकल रहित व सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को को ऑर्डिनेटर बनाया गया है। जिला सचिवालय सभागार में परीक्षा के लिए नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की बैठक लेेते हुए उन्होंने कहा कि इन परीक्षाओं को नकल रहित और सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए जिले में 25 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है, जिनमें 5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट को रिजर्व रखा गया है, जो अपने निर्धारित केंद्र्रों पर ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों के नाम, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरवाइजर के साथ सेंटर के लैंडलाइन नंबर की सूची तैयार करें। उन्होंने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि पेपर ले जाते समय पैकिंग सील को पहले जांच लें। सील को परीक्षा केंद्र्र में सुपरवाइजर व परीक्षार्थी की उपस्थिति में ही खोलें।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्र्र के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मी प्रवेश पत्र पर लगे फोटो सहित अन्य जांच करने के बाद प्रार्थी को आगे जाने की अनुमति देंगे। बिना प्रवेशपत्र के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। किसी परीक्षार्थी को अपने साथ कोई मोबाइल फोन, बेल्ट, किसी प्रकार की घड़ी, पहनने वाले आभूषण जैसे चेन, अंगूठी, ईयर रिंग, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार यंत्र, पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर, फ्लूड आदि परीक्षा केंद्र्र की परिधि में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा केंद्र के बाहर गाड़ियों को खड़ा न होने दें। यदि कोई भी परीक्षार्थी गाड़ी में आता है तो उसे परीक्षा केंद्र्र से कम से कम 200 मीटर दूरी पर ही खड़ा करें, ताकि परीक्षा सेंटर के पास भीड़ न हो। बैठक में एडीसी आशिमा सांगवान, एसडीएम रविन्द्र यादव, एसडीएम होशियार सिंह, सीटीएम रोहित कुमार, डीएसपी हंसराज, डीडीपीओ एचपी बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार व अन्य संबंधित अधिकारी व नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
एक घंटे पहले परीक्षार्थियों को केंद्र में करना होगा प्रवेश
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली पुरुष व महिला सब इंस्पेक्टर परीक्षा सुबह के सत्र में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान चेकिंग के लिए फ्लाइंग स्क्वायड की भी नियुक्ति की गई है। इसके अलावा डीसी और एसडीएम परीक्षा केंद्र्रों का निरीक्षण करेंगे। सुबह 9 बजे से आयोजित होनी वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को केंद्र्र पर सुबह 7 से 8 बजे तक पहुंचाना होगा। 8 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में लिखित परीक्षा के लिए 20 लोकेशन पर 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में जैन ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सैनी स्कूल, अहीर कॉलेज, सनग्लो इंटरनेशनल स्कूल, राजकीय बहु तकनीकी संस्थान लिसाना, माताराज कौर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सहारनवास, दिल्ली रोड़ स्थित सूरज स्कूल, केएलपी कॉलेज, दिल्ली रोड़ स्थित आरपीएस स्कूल, यूरो इंटरनेशनल स्कूल दिल्ली रोड़, यदुवंशी शिक्षा निकेतन स्कूल पटौदी रोड में दो परीक्षा केंद्र्र, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रेवाड़ी, राजकीय ब्वायज स्कूल रेवाड़ी, आरडीएस कॉलेज, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, कैंब्रिज स्कूल, राज इंटरनेशनल स्कूल, राजकीय महिला महाविद्यालय, सोमाणी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज, ऋषि पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल, महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, जैन गर्ल्स स्कूल, जैन पब्लिक स्कूल, हिंदू स्कूल व माउंट लिटराजी स्कूल में एक-एक परीक्षा केंद्र्र बनाएं गए है।