रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 11 दिसंबर की रात को हथियारों के बल कर चार पेट्रोल पंपों पर हुई लूटपाट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने राजस्थान के आबू रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है। वारदात को अंजाम देने से चार दिन पहले आरोपियों ने पेट्रोल पंपों की रेकी की थी। कार को भी जयपुर से लूटा गया था।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य अनुसंधान तकनीक की मद्द से खरखौदा निवासी रोहित जांगडा व जिला महेन्द्रगढ़ के गांव मोहनपुर निवासी विकास को राजस्थान के आबूरोड और जिला झज्जर थाना बादली जगतपुरा निवासी अजय उर्फ मोटा को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। यह अंतरराज्यीय गिरोह है। वारदात का मुख्य आरोपी अजय उर्फ मोटा पर लूटपाट, हत्या सहित अन्य केस दर्ज हैं। उस पर राजस्थान के सीकर में मर्डर व गुरुग्राम में लूटपाट व रोहतक व झज्जर आदि जिलों में आर्म्स व लड़ाई के केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अजय उर्फ मोटा को अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इसके अलावा आरोपी रोहित को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।