रेवाड़ी। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को रामपुरा हाउस में शहर के तीन मनोनीत पार्षदों के धन्यवाद कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने डबल फाटक पर निर्माण कार्य पूरा करने में हो रही देरी व शहर में प्रोपर्टी आईडी समस्या को लेकर अधिकारियों को मौके पर ही बुलाकर फटकार लगाते हुए समाधान के आदेश दिए।
राव ने मनोनीत पार्षदों से कहा है कि वे जनकल्याण की आवाज को सदन में उठाकर उन्हें हल करवाएं और लोगों को राहत देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता का कल्याण ही आप सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए। अग्रवाल समाज व वाल्मीकि समाज की ओर से लोगों ने केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचकर समाज की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज व वाल्मीकि समाज उनका आभारी है कि उन्होंने समाज के युवाओं को मनोनीत पार्षद बनवाकर कार्य करने का मौका दिया।
अग्रवाल समाज की ओर से राधेश्याम गुप्ता ने कहा कि समाज के युवा नेता दीपक अग्रवाल को मनोनीत पार्षद बनाकर केंद्रीय मंत्री ने समाज का मान बढ़ाया है। वाल्मीकि समाज की ओर से चौधरी ताराचंद व बंशीधर ने कहा कि समाज केंद्रीय मंत्री राव के इस कार्य का स्वागत करता है। केंद्रीय मंत्री ने अपने निवास पर आए ग्रामीणों की समस्या सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सार्वजनिक समस्याओं का हल कर लोगों को राहत प्रदान करें।