गांव सहारनवास से डिलिवरी के लिए एंबुलेंस से अस्पताल जा रही महिला के पति ने पत्नी और एंबुलेंस चालक की पिटाई कर दी। एंबुलेंस चालक की शिकायत पर रामपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
एंबुलेंस चालक जेपी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अक्तूबर की रात में करीब 11 बजे कॉल आने पर वह गर्भवती को लेने के लिए गांव सहारनवास गया था। गांव पहुंचने के बाद ममता के ससुर कृष्ण कुमार द्वारा गर्भवती को एंबुलेंस में बैठाने के बाद जैसे ही वह एंबुलेंस का दरवाजा बंद करने लगा तो अचानक घर के अंदर से भागकर आए गर्भवती के पति पवन ने पत्नी पर लात-घूसों से प्रहार कने लगा। जब उसने बीचबचाव करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट करते हुए धमकी दी कि उसकी पत्नी को वहीं छोड़कर एंबुलेंस लेकर जचा जाए। उसने बताया कि महिला के परिजनों के सहयोग से उसे एंबुलेंस से लाकर सरकारी अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती करवाया। गर्भवती के साथ उसके चाचा ससुर व उदयभान भी मौजूद थे। रामपुरा थाना पुलिस ने एंबुलेंस चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।