मासिक बैठक करते एसडीएम संजीव कुमार।
- फोटो : Rewari
बावल। उपमंडल स्तरीय मासिक बैठक शनिवार को एसडीएम बावल संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें एसडीएम ने कार्यकारी अभियंता लोकनिर्माण विभाग को भाड़ावास, रेवाड़ी, खंडोड़ा रोड की मरम्मत सहित उपमंडल बावल क्षेत्र में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को ठीक करने के आदेश दिए।
उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को ट्यूबवेल कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर जारी करने, लटके हुए तारों को ठीक करवाने और खराब बिजली ट्रांसफार्मर की मरम्मत करवाने व बदलवाने के निर्देश भी दिए। बनीपुर चौक पर जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए तहसीलदार बावल की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने व बीडीपीओ बावल के जो विकास कार्य निशानदेही के कारण लंबित हैं, उनकी निशानदेही जल्द कराने के तहसीलदार को निर्देश दिए गए। उन्होंने नपा बावल क्षेत्र में टूटी हुई सड़कों व असुरक्षित व जर्जर इमारतों का निस्तारण करने के लिए सचिव नपा बावल को निर्देश दिए। इसके अलावा एनएचएआई के अधिकारियों को नेशनल हाईवे-48 के साथ बनी सर्विस रोड को तुरंत प्रभाव से रिपेयर करने, सभी विभागाध्यक्षों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने, सीडीपीओ बावल को घर-घर राशन वितरण योजना का निरीक्षण करने तथा लाभार्थियों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी बावल राजेश कुमार, नायब तहसीलदार बावल रवि कुमार, कार्यकारी अभियंता सचिन भाटी, साइट इंजीनियर कार्तिक कुमावत, सचिव नपा बावल समयपाल, जिला कल्याण अधिकारी विनोद चावला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।