रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-3 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रविवार को श्रीकृष्ण मंदिर परिसर स्थित पुस्तकालय में आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर के कम्युनिटी सेंटर में नगर परिषद के अपने अधिकारियों के कार्यालय के लिए जारी निर्माण कार्य पर अपना विरोध जताया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि कम्युनिटी सेंटर सेक्टर वासियों की प्रॉपर्टी है। जिसकी जमीन की राशि और एन्हांसमेंट राशि भी सेक्टर के प्लाट धारकों से ली गई है। इसलिए कम्युनिटी सेंटर की जमीन पर इस प्रकार का निर्माण पूरी तरह से असंवैधानिक और गैरकानूनी है। जिसका एसोसिएशन हर स्तर पर विरोध करेगी। सदस्यों ने बताया कि राज्य के कई शहरों में तो प्रशासन द्वारा कम्युनिटी सेंटर पहले ही वहां की संबंधित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को दे दिए गए हैं। प्रधान प्रताप सिंह यादव ने बताया कि इस विषय को पूर्व में भी नगर परिषद के अधिकारियों से सवाल किया गया था, परंतु कोई उचित कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मुद्दे को लेकर सोमवार को एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जिला उपायुक्त से मिलेगा। जिसमें वार्ड पार्षद राजेंद्र सिंह सिंहल और नगर परिषद प्रधान या उनके प्रतिनिधि को भी शामिल किया जाएगा। जिला उपायुक्त से बैठक के पश्चात आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई करने के लिए एसोसिएशन द्वारा प्रधान प्रताप सिंह यादव को अधिकृत किया गया है।
श्रीकृष्ण जन्म अष्टमी बनाने के लिए कमेटी बर्नाई
बैठक में वर्तमान कोविड की परिस्थिति में जन्माष्टमी पर्व को मनाने के विषय पर चर्चा हुई। जिसमें कॉलेजियम सदस्य रिपु दमन गुप्ता के नेतृत्व में एक समिति कृष्ण जन्मोत्सव से संबंधित सभी तैयारियों के लिए अधिकृत की गई। इसके अतिरिक्त बैठक में सेक्टर वासियों के लिए कोविड टीकाकरण शिविर लगाने पर भी चर्चा की गई। जिस पर अंतिम निर्णय जिला अस्पताल में संबंधित नोडल अधिकारियों से संपर्क करके निर्णय लेने का फैसला लिया गया। इस बैठक में एसोसिएशन के उपप्रधान हरीश लोहिया, सचिव राजकुमार यादव, संयुक्त सचिव महेश यादव के अलावा देशराज यादव, राम सिंह यादव, महेंद्र सिंह यादव, सतीश जोशी, रिपुदमन गुप्ता, अजीत यादव, एडवोकेट अशोक यादव, रामजस शर्मा, मुरारी लाल, रमेश मित्तल, नरेंद्र कुमार यादव और जसवंत सिंह यादव सहित अनेक कॉलेजियम सदस्य और सेक्टरवासी उपस्थित हुए।