संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। वन रैंक-वन पेंशन, मिलिट्री सर्विस-पे सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जिले के पूर्व सैनिकों ने शहर में रोष मार्च निकाला। पूर्व सैनिक दिल्ली रोड स्थित रेजांग ला शौर्य स्मारक से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा। पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में सोमवार को दिल्ली रोड स्थित रेजांग ला शौर्य स्मारक पर एकत्रित हुए।
उन्होंने कहा कि जिला रेवाड़ी को सैनिकों की खान कहा जाता है। वन रैंक-वन पेंशन में सैनिकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। अब अनुशासन में रहते हुए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की जरूरत है। पूर्व सैनिकों ने वन रैंक-वन पेंशन में जवान, जेसीओ, ऑनरेरी रैंक के साथ भेदभाव के आरोप लगाए। पूर्व सैनिक रोष मार्च निकालते हुए जिला सचिवालय में पहुंचे। उन्होंने कहा कि ओआरओपी में जवानों के साथ हुए भेदभाव के चलते 20 फरवरी से जंतर-मंतर दिल्ली में धरना-प्रदर्शन लगातार चल रहा है। रोष मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे। इस दौरान जिला सचिवालय में पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।