हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव नया गांव दौलतपुर-डोहकी के पास सोमवार शाम कनपटी पर गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि उसने खुद को गोली मारकर जान दी है। मौत कैसे हुई, यह अभी तक साफ नहीं हो सका है। सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रेवाड़ी के मोहल्ला नई बस्ती निवासी दीपक उर्फ दीपू (40) सोमवार दोपहर घर से स्कूटी लेकर निकला था। उसका मोबाइल घर पर ही रखा था। दोपहर बाद परिजनों को पता चला कि उसका शव नया गांव दौलतपुर-डोहकी के पास पड़ा है।
यह भी पढ़ें ः सरसों की खरीद शुरू: 6200 रुपये प्रति क्विंटल तक मिला भाव, एमएसपी है 5050
सूचना के बाद परिजनों के अलावा सदर पुलिस भी मौके पर पहुंची। दीपक की कनपटी पर गोली लगी हुई थी। साथ ही उसकी स्कूटी और पास में कट्टा भी पड़ा मिला है। पुलिस का दावा है कि दीपक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि नया गांव दौलतपुर-डोहकी रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव मिला है। उसके पास में एक देसी कट्टा भी पड़ा मिला है। उसके कनपटी पर गोली लगी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो पाएगा।