केंद्र सरकार भले ही अंत्योदय अन्न योजना व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रदेश के हर बीपीएल व होमलेस कार्डधारक तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हो लेकिन धरातल पर उपभोक्ताओं को इसका फायदा नहीं मिल रहा।
गांव झोलरी के बीपीएल परिवारों ने बुधवार को एसडीएम को शिकायत देकर डिपो होल्डर पर पर्याप्त राशन न देने और राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जांच की निष्पक्ष मांग न किए जाने पर धरना देने की चेतावनी दी है। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय के सामने नारेबाजी कर रोष भी जताया।
ग्रामीण रमेश कुमार, मामन चंद, मदन लाल, दलीप , ओमप्रकाश, रामचंद्र आदि ने बताया कि उनके गांव का डिपो होल्डर माह में एक दिन ही मात्र चार घंटे राशन वितरण करता है। इसके बाद ना तो वह किसी को राशन देता है, और राशन लेने वालों को धमकी देकर भगा देता है।
ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में यह आरोप लगाते हुए कहा कि उनके गांव का डिपो होल्डर तुरंत बदला जाए। इसके साथ ही हो रही धांधली की जांच कराई जाए।
उन्होंने साफ तौर से कहा कि सही जांच नहीं कि गई तो वे एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठने को बाध्य हो जाएंगे ।
वहीं डिपो होल्डर गुलशन कुमार का कहना है कि सभी आरोप गलत है। वह लगातार राशन बांट रहा है। उसका कहना है कि कुछ लोग मंदिर के लिए रुपये देने की मांग कर रहे थे। मना करने पर दबाव बना रहे हैं।
वर्जन
उनके पास गांव झोलरी की एसडीएम के जरिए शिकायत मिली है। उसकी जांच कि जाएगी। जांच के बाद ही पता लग पाएगा कि धांधली हुई या नहीं।
बिजेंद्र, खाद्य, इंस्पेक्टर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग
उनके पास गांव झोलरी के कुछ लोग शिकायत लेकर पहुंचे थे, जिसकी जांच के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग को लिखा गया है। जांच में यदि डिपो होल्डर की कोई गलती पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निर्मल नागर, एसडीएम