जिले के गांव जड़थल के ग्रामीणों ने गोकशी के लिए लावारिस गायों को चोरी कर ले जाते दो गोतस्करों को पकड़ने के बाद कसौला थाना पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों आरोपी गांव में घूमने वाली लावारिस गायों को चोरी कर पैदल ले जा रहे थे। आरोपी की पहचान भिवाड़ी क्षेत्र के गांव गवालदा बांबू की ढाणी निवासी हाकम व अजीम के रूप में हुई हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को दो व्यक्ति गांव जड़थल में घूमने वाली दो गायों, तीन बछिया व 11 बछड़ों को लेकर जा रहे थे। ग्रामीणों को शक हुआ तो उन्होंने दोनों को रोक कर पूछताछ की। इस पर दोनों सकपका गए और गायों को छोड़कर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पूछताछ में दोनों ने गायों को गोकशी ले लिए ले जाने की बात कबूली। पुलिस ने जड़थल निवासी रिंकू चौहान की शिकायत पर हाकम व अजीम के खिलाफ हरियाणा गौ अधिनियम 2015 व चोरी का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।