बदमाशों ने रुकवाया और हमला कर लूटी नकदी व बाइक
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। क्षेत्र के टूमना गांव के पास सोमवार की रात को दो बदमाशों ने बाइक सवार युवकों को रुकवाया और नुकीले हथियार से हमला कर मोटरसाइकिल, मोबाइल तथा दो हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद आरोपियों बदमाशों की तलाश के लिए अभियान भी चलाया गया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने लूटपाट मामला दर्ज कर लिया है।
कोसली गांव के कृष्ण कुमार ने कोसली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अपने साथी संदीप के साथ मोटरसाइकिल पर टूमना से वापस कोसली की ओर आ रहे थे। जब वे भूरथला गांव के समीप पहुंचे तो सड़क पर खड़े दो युवकों ने इशारा करके उनकी मोटर साइकिल को रूकवा लिया। एक युवक ने अपने हाथ में लिया फरसानुमा हथियार लिया तथा तथा वह संदीप के हाथ पर मारा। इसके बाद उन्होंने संदीप की जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए। दूसरे युवक ने उससे उसका मोबाइल छीन लिया। बाद में दोनों उनकी मोटर साइकिल लेकर फरार हो गए। दोनों में से एक युवक दूसरे को संदीप कहकर पुकार रहा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए कोसली अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में संदीप का नामजद करके मामला दर्ज कर लिया है।