शराब ठेकेदार को गोली मारने का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। मामड़िया आसमपुर निवासी शराब ठेकेदार को गोली मारने की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को सीआईए टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मामडिया आसमपुर निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। दो आरोपियों को सीआईए पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामडिया आसमपुरा निवासी संजय ने अपने ही गांव में शराब का ठेका लिया हुआ है। 30 मार्च की रात को वह अपने साथियों के साथ ठेके पर बैठा हुआ था। तभी पाली निवासी संजीव ठेके पर आया और संजय को बुलाकर ठेके के साइड में ले गया। वहां पहले से ही बैठे आरोपी शराब पी रहे थे, तभी एक आरोपी ने संजय को गोली मार दी। गोली लगते ही संजय ठेके की ओर भागा और ठेके के पास आकर गिर गया। घायल अवस्था में ठेके पर मौजूद लोगों ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस ने संजय के पिता जसवंत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को तीन दिन पहले ही गिरफ्तार किया था। अब प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है।