रेवाड़ी। हांसाका गांव में तीन लोगों ने आर्मी से रिटायर्ड एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीटा और पीठ पर चाकू मारा। बुजुर्ग को गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सदर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
शिवपाल सिंह ने बस स्टैंड के पास ही अपनी दुकान में हिटाची कंपनी का एटीएम खुलवाया हुआ है। वह एटीएम बूथ से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। सरकारी स्कूल के सामने उन्हें गांव के ही रहने वाले तीन लोगों ने रोक लिया और उन पर लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। उसके बाद पीठ में चाकू भी घोंप दिया। गांव के ही किसी शख्स ने शिवपाल के सरकारी स्कूल के पास लहूलुहान पड़े होने की सूचना उनके बेटे विकास को दी। विकास तुरंत मौके पर पहुंचा और अपने पिता को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है।