रेवाड़ी/कोसली। टांकड़ी स्थित सरस्वती विद्या स्कूल में सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ व मेजबान स्कूल के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विचार साझा किए। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं, 100 मीटर रेस में अजीत ने बाजी मारी है, जबकि बोरी दौड़ में संजू प्रथम रहे।
कार्यक्रम में अध्यापक भूपेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को विज्ञान की रोचक क्रियाओं को बारीकी से समझाया। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 मीटर रेस में अजीत प्रथम व विशाल द्वितीय, बोरी दौड़ में संजू प्रथम व तरुण द्वितीय रहे। विज्ञान व गणित क्विज प्रतियोगिता में सरस्वती स्कूल के छात्रों ने बाजी मारी। रस्साकसी लड़कों की प्रतियोगिता में राजगढ़ स्कूल विजेता रहा। सरस्वती स्कूल की प्राचार्य उपमा ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल निदेशक प्रदीप राव ने की। इस अवसर पर मीनू यादव, सुषमा यादव, घनश्याम, सोमबीर, रजनी व सुभाष चौहान आदि मौजूद रहे।
उधर, कोसली में राजकीय उच्च विद्यालय श्याम नगर का मिलन समारोह बाल संस्कार विद्यालय सुरेली के छात्रों के साथ विभागीय दिशा निर्देश अनुसार करवाया गया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालय के छात्रों ने वॉलीबाल के मैच, रस्साकसी, मटकी दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा पुस्तकालय भवन का निरीक्षण, विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण तथा उनके अध्यापकों द्वारा विज्ञान को बढ़ावा देते हुए विज्ञान पर आधारित बनाए गए मॉडल के विषय में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर डॉ. सतबीर इंदौरा ने सभी छात्र-छात्राओं को मिलन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। सुनील कुमार प्राचार्य बाल संस्कार स्कूल के प्राचार्य सुनील कुमार ने सभी बच्चों का और अध्यापकों का अपने विद्यालय में पहुंचने पर स्वागत किया। कार्यक्रम में ओमप्रकाश, अमीन, ललित कुमार सहित दोनों विद्यालयों का स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।